फसल खरीद प्रक्रिया से संबंधित नोडल अधिकारी की ड्यूटी में किए गए बदलाव : उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ
पलवल, होडल और हथीन उपमंडल अधिकारी होंगे अपने-अपने क्षेत्रों में फसल खरीद प्रक्रिया के प्रभारी
रबी विपणन सत्र 2026-27 के दौरान किसानों की फसलों की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करते हुए नोडल अधिकारी की ड्यूटी में बदलाव किए गए हैं।
पलवल: रबी विपणन सत्र 2026-27 के दौरान किसानों की फसलों की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करते हुए नोडल अधिकारी की ड्यूटी में बदलाव किए गए हैं। उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ की ओर से जारी निर्देशानुसार नोडल अधिकारियों को जिले की सभी मंडियों एवं खरीद केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि अनाज मंडियों में आवश्यक व्यवस्थाएं और सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
उपायुक्त ने बताया सरकार और जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध हों। उन्होंने बताया कि प्रभावी समन्वय और निगरानी के लिए पलवल, होडल और हथीन के उपमंडल अधिकारियों (नागरिक) को उनके-अपने क्षेत्रों में खरीद कार्य का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्र की मंडियों में व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि सभी प्रक्रियाएं सुचारू रूप से संचालित हों। नोडल अधिकारी खरीद कार्यों की निगरानी के साथ-साथ आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होंगे।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ की ओर से रबी विपणन सत्र (आरएमएस) 2026-27 के दौरान जिला पलवल में फसल खरीद व्यवस्था को सुचारू एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न मंडियों एवं खरीद केंद्रों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पलवल उपमंडल में पलवल मंडी और पलवल साइलो के लिए एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि धतीर मंडी के लिए डीआरओ पलवल बलराज सिंह तथा चांदहट व बडौली क्षेत्रों के लिए सीईओ जिला परिषद पलवल जितेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार बामनीखेड़ा और औरंगाबाद के लिए एमडी शुगर मिल द्विजा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
होडल उपमंडल के अंतर्गत आने वाली होडल (पुरानी मंडी), होडल-99 एकड़ व होडल एक्सटेंशन ग्रेन मार्केट के लिए एसडीएम होडल बेलिना को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। हसनपुर मंडी के लिए सीटीएम प्रीति रावत तथा खांबी और दीघोट मंडियों की जिम्मेदारी डीडीपीओ पलवल उपमा अरोड़ा को सौंपी गई है। हथीन उपमंडल में हथीन अनाज मंडी और मंडकौला के लिए एसडीएम हथीन हरीराम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खरीद प्रक्रिया की निरंतर निगरानी करें और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें। अनाज मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध खरीद सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

About The Author
संबंधित समाचार



