किसान अपनी लॉगिन आईडी व पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
-फसल खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू व व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने किसानों से अपील की है कि वे मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल से संबंधित अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि यह जानकारी पूरी तरह गोपनीय होती है और इसके दुरुपयोग से किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
पलवल: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने किसानों से अपील की है कि वे मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल से संबंधित अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि यह जानकारी पूरी तरह गोपनीय होती है और इसके दुरुपयोग से किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए किसान अपनी व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखें और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को इसकी जानकारी न दें।

उपायुक्त शुक्रवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित बैठक में जिला के प्रशासनिक अधिकारियों, मार्किट कमेटी तथा खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ रबी फसल खरीद प्रक्रिया की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मंडियों में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और उचित प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके साथ ही फसल की खरीद में किसी प्रकार की देरी या अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
डॉ. वशिष्ठ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रबी फसल की खरीद प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डा. सुभिता ढाका, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, एसडीएम बलिना, एसडीएम अप्रतिम सिंह, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, पलवल चीनी मिल प्रबंध निदेशक द्विजा, सीटीएम प्रीति रावत, जिला राजस्व अधिकारी बलराज, मार्किट कमेटी पलवल, होडल, हथीन के सचिव, खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




