Palwal News : 20 वर्षों से कार्यरत गेस्ट टीचर्स को नियमित करने की मांग
31 मई को खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम को सौंपेंगे ज्ञापन
अनुबंधित अध्यापक संघ के राज्य उपप्रधान महेश तेवतिया के नेतृत्व में आगामी 31 मई को पलवल जिले के गेस्ट टीचर्स एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहे हैं।
पलवल। अनुबंधित अध्यापक संघ के राज्य उपप्रधान महेश तेवतिया के नेतृत्व में आगामी 31 मई को पलवल जिले के गेस्ट टीचर्स एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहे हैं। 
इस दौरान शिक्षक अपनी मांगों को लेकर हरियाणा सरकार के खेल राज्य मंत्री व स्थानीय विधायक गौरव गौतम के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपेंगे। संघ के राज्य उपप्रधान महेश तेवतिया ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) और माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) द्वारा एक ऐतिहासिक निर्णय दिया गया है। इस निर्णय के अनुसार, पिछले 20 वर्षों से निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे गेस्ट टीचर्स को दो महीने के भीतर नियमित (पक्का) करने का आदेश जारी किया गया है। इसी ऐतिहासिक आदेश को जल्द से जल्द लागू करवाने के लिए मुख्यमंत्री के नाम यह मांग पत्र सौंपा जाएगा। इस मुहिम को मजबूत करने के लिए केवल गेस्ट टीचर्स ही नहीं, बल्कि जिले के तमाम बड़े शिक्षक और कर्मचारी संगठन भी एक मंच पर आ गए हैं। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, डेमोक्रेटिक टीचर्स एसोसिएशन, रिटायर्ड अध्यापक संघ, पलवल, सर्व कर्मचारी संघ, ये सभी संगठन एकजुट होकर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम जी को ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया में शामिल रहेंगे। महेश तेवतिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा सांझा करते हुए बताया कि 31 मई, रविवार को सुबह ठीक 10:00 बजे पलवल के सामुदायिक भवन (कम्युनिटी सेंटर), हुड्डा सेक्टर-2 में सभी अध्यापक और संगठन के पदाधिकारी भारी संख्या में एकत्रित होंगे। यहाँ एक संक्षिप्त सभा के बाद सभी शिक्षक समूह के रूप में जाकर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम जी को अपना ज्ञापन सौंपेंगे। अनुबंधित अध्यापक संघ और सहयोगी संगठनों ने पलवल जिले के सभी गेस्ट टीचर्स और कर्मचारी साथियों से अपील की है कि वे अपने हक की इस लड़ाई को मजबूत करने के लिए रविवार को सुबह 10 बजे हुड्डा सेक्टर-2 के सामुदायिक भवन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।

About The Author
संबंधित समाचार



