सोहना पुल को डबल करने के कार्य ने पकड़ी रफ्तार
विधायक मूलचंद शर्मा ने यज्ञ-हवन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया
बल्लभगढ़ से सोहना और गुरुग्राम की ओर जाने वाले मार्ग पर बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी और क्षेत्र के लोगों को यातायात में बड़ी राहत मिलेगी।
बल्लभगढ़। बल्लभगढ़ क्षेत्र के विकास को गति देते हुए लगभग 29 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले सोहना पुल को डबल करने के कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। इस परियोजना के अंतर्गत पहले पिलर की आधारशिला रखने के शुभ अवसर पर यज्ञ-हवन के साथ विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विधायक एवं हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने अपने करकमलों से यज्ञ-हवन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सोहना पुल के डबल होने से बल्लभगढ़ से सोहना और गुरुग्राम की ओर जाने वाले मार्ग पर बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी और क्षेत्र के लोगों को यातायात में बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद बल्लभगढ़ औद्योगिक क्षेत्र को भी इसका भरपूर लाभ मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
साथ ही लाखों नागरिकों को प्रतिदिन जाम मुक्त आवागमन का लाभ प्राप्त होगा।
इस अवसर पर विधायक मूलचंद शर्मा ने परियोजना को स्वीकृति देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर , हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया।
इस पुल की चौड़ाई लगभग साढ़े 10 मीटर रहेगी जबकि लंबाई 870 मीटर होगी।
उन्होंने कहा कि वो सौभाग्यशाली हैं कि जब यहां पर पहला पुल बनाया गया था तब वे सरकार में हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के सदस्य थे और इस पुल के निर्माण कार्य के साक्षी बने थे और आज स्वयं विधायक रहकर डबल पुल निर्माण का भूमिपूजन करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने सभी बल्लबगढ़ के निवासियों को इस पुल निर्माण के लिए बधाई दी है।
कार्यक्रम में हरियाणा स्टेट रोड एंड ब्रिज डब्लपमनेट कॉर्पोरेशन के कार्यकारी अभियंता सचिन, एसडीओ संदीप कुमार, जेई राजकुमार,भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा, मंडल अध्यक्ष कुलदीप मथारू, गौरव विरमानी, विपिन त्यागी, स्थानीय पार्षद रवि भगत, पार्षद महेश गोयल, पार्षद सोनू वैष्णव, पार्षद योगेश शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन संजीव बैंसला, पार्षद प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र भारद्वाज, पार्षद प्रतिनिधि मास्टर जयप्रकाश, महामंत्री अनुराग गर्ग, कार्तिक वशिष्ठ, हरप्रसाद गौड़, बुद्धा सैनी, जगत भूरा, उद्योगपति दिनेश बाटला, प्रमोद गिल, सुषमा यादव, अजय मित्तल, तपन सिंह, राजकुमार शर्मा, प्रेम खट्टर, शिक्षाविद दीपक यादव, ओमी यादव, वीरेंद्र मनचंदा, राजन छाबड़ा सहित भाजपा कार्यकर्ता और शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



