आगामी नगर निकाय और पंचायती राज उप चुनावों को शांतिपूर्वक, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए रेवाड़ी पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
रेवाड़ी: आगामी नगर निकाय और पंचायती राज उप चुनावों को शांतिपूर्वक, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए रेवाड़ी पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान शराब, नशा, अवैध हथियार तस्करों और असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ।
आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन :
एसपी हेमेंद्र ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग द्वारा 10 मई 2026 को नगर परिषद रेवाड़ी, नगर पालिका धारूहेड़ा और पंचायती राज उप चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। चुनाव को पारदर्शिता से कराने के लिए सभी थाना प्रबंधकों, अपराध शाखा (Crime Units) और चौकी प्रभारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और नाकाबंदी :
चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए गए हैं:
इंटरस्टेट नाके (24 x 7): अवैध शराब या अन्य संदिग्ध गतिविधियों व वस्तुओं की रोकथाम के लिए 24 x7 बॉर्डर पर 4 विशेष इंटर स्टेट नाके लगाए गए हैं।
सघन चेकिंग अभियान : जिले के भीतर शराब, नशा और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग :
पुलिस की आईटी सेल सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखे हुए है। अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर साइबर कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रलोभन देने वालों के खिलाफ सख्त रुख : चुनावों के दौरान यदि किसी ने भी शराब या नकदी बांटकर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की, तो रेवाड़ी पुलिस उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। शांति भंग करने का षड्यंत्र रचने वालों की जगह जेल की सलाखों के पीछे होगी। - हेमेंद्र कुमार मीणा, एसपी रेवाड़ी ।
जनता से अपील
पुलिस अधीक्षक ने रेवाड़ी की जागरूक जनता से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में रेवाड़ी पुलिस का सहयोग करें। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या आचार संहिता की उल्लंघन दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने एवं डायल 112 पर पुलिस को दें।