Gurugram/Manesar News: मानेसर में लगेंगे मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले
23, 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर होंगे आयोजन, सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
नगर निगम मानेसर क्षेत्र के नागरिकों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेलों का आयोजन किया जाएगा।
मानेसर: नगर निगम मानेसर क्षेत्र के नागरिकों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेलों का आयोजन किया जाएगा। तीन चरणों में आयोजित होने वाले इन मेलों में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पात्र परिवारों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही आवेदन भी लिए जाएंगे।

नगर निगम के अनुसार, मेले सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक आयोजित होंगे। 23 सितंबर को वार्ड-15 के गांव नखड़ौला स्थित स्टेडियम में, 24 सितंबर को आईएमटी मानेसर के सेक्टर-8 स्थित नगर निगम कार्यालय में तथा 1 अक्टूबर को सेक्टर-2 स्थित एचएसआईआईडीसी कार्यालय में मेले लगाए जाएंगे।
संयुक्त आयुक्त दर्शन यादव ने बताया कि मेलों का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना है। इसके लिए अलग-अलग विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर ऋण, डेयरी फार्मिंग, लघु उद्योग, महिला विकास निगम, प्रशिक्षण, डेयरी विकास और पौधारोपण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र नागरिकों से संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन भी मौके पर ही प्राप्त किए जाएंगे।
परिवार पहचान पत्र और आधार की त्रुटियां होंगी दूर
मेले में परिवार पहचान पत्र और आधार कार्ड से जुड़ी त्रुटियों को भी मौके पर ठीक करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे नागरिकों को दस्तावेजों में सुधार के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नगर निगम की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित सेवाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़ी त्रुटियों की जांच कर उन्हें मौके पर ठीक किया जाएगा।
रेहड़ी-पटरी वालों को लाइसेंस और पीएम स्वनिधि का लाभ
मेलों में रेहड़ी, पटरी और फेरी लगाकर कारोबार करने वाले लोगों के लिए भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। नगर निगम की ओर से पात्र लोगों के लाइसेंस बनाए जाएंगे, जिससे वे निर्धारित नियमों के तहत अपना कारोबार कर सकें। इसके साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन भी मौके पर लिए जाएंगे।
निगम अधिकारियों के अनुसार, मेलों के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाओं और योजनाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा हो।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



