Gurugram News: महिला बाइकर का पीछा कर कार से टक्कर का आरोप, गुरुग्राम पुलिस ने दर्ज की FIR

Desh Rojana
On

गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने और मौके से फरार होने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ, जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई हैं।

गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने और मौके से फरार होने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ, जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई हैं।

WhatsApp Image 2026-09-15 at 11.13.15 AM

घटना में घायल हुई बाइकर की पहचान सिया के रूप में हुई है। वह सोशल मीडिया पर ‘rebelwheels_sia_’ नाम से बाइकिंग से जुड़े वीडियो पोस्ट करती हैं। सिया के मुताबिक, वह रविवार को अपनी Aprilia RS 457 बाइक पर कुछ अन्य बाइक सवारों के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान एक सफेद कार उनके पीछे आ गई।

सिया का आरोप है कि कार चालक लगातार उनकी बाइक के बेहद करीब आ रहा था। उन्होंने कार सवारों को दूरी बनाए रखने का इशारा किया, लेकिन इसके बजाय उन्हें रुकने के लिए कहा गया। सिया ने यह भी दावा किया कि कार में बैठे लोग नशे में नजर आ रहे थे।

रास्ता रोकने की कोशिश का आरोप: सिया के अनुसार, वह किसी तरह कार से दूरी बनाने के लिए आगे बढ़ती रहीं। पीछे चल रहे उनके एक साथी ने भी अपनी बाइक के जरिए कार को उनके पास आने से रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद कार उनका पीछा करती रही। आरोप है कि कुछ दूरी पर कार चालक ने बाइक के आगे आने की कोशिश की और इसी दौरान कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिया बाइक से सड़क पर जा गिरीं और उनकी मोटरसाइकिल कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घटना के तुरंत बाद कार चालक वहां से निकल गया। पूरी घटना बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की।

दोस्त ने सिग्नल पर कार चालक को रोकने की कोशिश की: सिया ने बताया कि हादसे के बाद उनके एक साथी ने कार का पीछा किया। कुछ देर बाद कार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी तो साथी ने चालक से दुर्घटना के बारे में सवाल किया। आरोप है कि चालक ने टक्कर मारने की बात से इनकार किया और वहां से भी कार लेकर चला गया। वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। गुरुग्राम ईस्ट के डीसीपी संदीप कुमार के अनुसार, पुलिस वीडियो का विश्लेषण कर रही है और संबंधित लोगों की पहचान व घटनाक्रम की पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

कार मालिक ने कहा- दोस्त लेकर गया था वाहन: मामले में सामने आए वाहन का पंजीकरण नंबर HR30Y4949 बताया गया है। कार के मालिक मनीष ने मीडिया से बातचीत में कहा कि घटना के समय वह काम पर थे। उनके मुताबिक, एक दोस्त ने दो दिन पहले उनसे कार यह कहकर ली थी कि उसे कहीं जाना है। मनीष का कहना है कि उन्हें दुर्घटना की जानकारी सोमवार सुबह हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय कार कौन चला रहा था और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

सिया ने पुलिस से आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद उन्हें गुरुग्राम की सड़कों पर असुरक्षित महसूस हुआ। मामले ने शहर में सड़क सुरक्षा, लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना के बाद मौके से फरार होने को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad