Gurugram News: गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर बेकाबू बस डिवाइडर पर चढ़ी, बिजली का खंभा तोड़ा
यात्रियों में मची अफरा-तफरी, हादसे में कोई गंभीर घायल नहीं; क्रेन से हटाई गई बस
गुरुग्राम से फरीदाबाद जा रही सवारियों से भरी एक निजी बस मंगलवार को ग्वाल पहाड़ी के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार बस सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।
गुरुग्राम: गुरुग्राम से फरीदाबाद जा रही सवारियों से भरी एक निजी बस मंगलवार को ग्वाल पहाड़ी के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार बस सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा टूटकर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस गुरुग्राम से यात्रियों को लेकर फरीदाबाद की ओर जा रही थी। ग्वाल पहाड़ी के नजदीक पहुंचते ही चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा। देखते ही देखते बस डिवाइडर पर चढ़ते हुए बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे के दौरान बस पलटने से बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला:
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। बस में फंसे और घबराए यात्रियों को आपातकालीन दरवाजे और खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला गया। हादसे में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आने की बात सामने आई है।
सड़क पर गिरा खंभा, यातायात प्रभावित:
हादसे के बाद टूटे बिजली के खंभे और डिवाइडर पर फंसी बस के कारण गुरुग्राम-फरीदाबाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। क्रेन की मदद से बस को हटवाया गया, वहीं बिजली विभाग की टीम को सूचना देकर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि टूटे खंभे और जमीन पर पड़े तारों से किसी तरह की दुर्घटना न हो। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरे वाहनों से रवाना किया गया।




