Palwal News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधायक हरेंद्र सिंह की दिवंगत माता को अर्पित की श्रद्धांजलि
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को होडल पहुंचकर विधायक हरेंद्र सिंह की माता स्वर्गीय श्रीमती गिर्राजो देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने विधायक हरेंद्र सिंह सहित शोक संतप्त परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पलवल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को होडल पहुंचकर विधायक हरेंद्र सिंह की माता स्वर्गीय श्रीमती गिर्राजो देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने विधायक हरेंद्र सिंह सहित शोक संतप्त परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री सैनी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति दें।

सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सरकार गंभीरता से कर रही विचार, मुख्यमंत्री:
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह कृतसंकल्प है। सरकार ने सफाई कर्मचारियों की लगभग एक दर्जन मांगों को स्वीकार कर लिया है, जबकि शेष मांगों पर भी सरकार द्वारा सहानुभूतिपूर्वक और गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को होडल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से संबंधित प्रश्न का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान को सरकार समझती है। सरकार का प्रयास है कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान बातचीत और आपसी सहमति के माध्यम से किया जाए। उन्होंने कहा कि अनेक कर्मचारी काम पर वापस भी आए हैं। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से भी अपील की कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए अपना सहयोग बनाए रखें। प्रदेश सरकार सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सोच विचार आवश्यक कर रही है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से ड्यूटी पर लौटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक हरेंद्र सिंह, विधायक कृष्ण कुमार, पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा हर्ष कुमार, पूर्व विधायक रामरतन, पूर्व विधायक दीपक मंगला, उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, मीडिया कोऑर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ, परिवार के अन्य सदस्य, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




