Gurugram News: जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा, समयबद्ध कार्य पूरा करने पर जोर
नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के जनगणना संचालन निदेशक डॉ. ललित जैन ने की। बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गुरुग्राम: नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के जनगणना संचालन निदेशक डॉ. ललित जैन ने की। बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में फरवरी 2027 से प्रस्तावित जनसंख्या गणना को लेकर अब तक की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने गणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, विभिन्न स्तरों पर समन्वय और जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की।
बैठक में गणना कर्मियों के मानदेय वितरण, प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता गतिविधियों, स्व-गणना की तैयारियों, शिक्षण स्टाफ के लिए फाउंडेशन कोर्स तथा परिपत्र संख्या-12 के अनुसार गणना ब्लॉक्स के निर्धारण और निर्माण जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा संस्थागत परिवारों और बेघर आबादी की गणना, गणनाकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों का डेटाबेस तैयार करने तथा जनगणना गतिविधियों की नियमित निगरानी को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
हर वर्ग की आबादी की गणना पर जोर: बैठक में संस्थागत परिवारों और बेघर लोगों समेत आबादी के प्रत्येक वर्ग की पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को फील्ड स्तर पर ऐसी व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति या परिवार गणना से छूट न जाए।
डॉ. ललित जैन ने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले सभी तैयारियां योजनाबद्ध, समयबद्ध और बेहतर आपसी समन्वय के साथ पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय करने और तैयारियों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।
स्व-गणना और जागरूकता अभियान पर भी फोकस: बैठक में जनगणना के महत्व को लेकर नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी चर्चा हुई। स्व-गणना की सुविधा के संबंध में लोगों को जानकारी देने और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों के अनुसार, जनगणना की तैयारियों की नगर निगम, चार्ज और फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी की जाएगी। इसका उद्देश्य तैयारियों में सामने आने वाली कमियों और समस्याओं का समय रहते समाधान करना है, ताकि फरवरी 2027 से शुरू होने वाला जनसंख्या गणना कार्य सुचारु एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।




