Narnaul News: एक करोड़ 99 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पांचवां आरोपी मोहाली पंजाब से गिरफ्तार

Desh Rojana
On

आर्थिक अपराध शाखा नारनौल व उनकी टीम द्वारा फ्रॉड एवं धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ 99 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पांचवें आरोपी दमन कपूर निवासी मंडी, हिमाचल प्रदेश को मोहाली, पंजाब से गिरफ्तार किया है। 

नारनौल: आर्थिक अपराध शाखा नारनौल व उनकी टीम द्वारा फ्रॉड एवं धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ 99 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पांचवें आरोपी दमन कपूर निवासी मंडी, हिमाचल प्रदेश को मोहाली, पंजाब से गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि इस संबंध में शिकायतकर्ता विनोद कुमार निवासी झगड़ौली, नारनौल, जो राजकीय आईटीआई नारनौल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं, ने दिनांक 25 फरवरी को थाना शहर नारनौल में शिकायत दर्ज करवाई थी।

WhatsApp Image 2026-08-28 at 12.36.12 PM (1)

शिकायतकर्ता ने बताया कि मीर सिंह, उसका पुत्र आशुतोष तथा उनके अन्य साथी कुछ समय से उनके कार्यालय में आते-जाते रहते थे। वे बार-बार शिकायतकर्ता को अच्छी जमीन एवं प्रॉपर्टी दिलवाने का प्रस्ताव देते थे। आरोपियों द्वारा शिकायतकर्ता को बताया गया कि वे अच्छी जमीन दिलवाकर MSME के तहत बैंक से लोन करवाएंगे तथा उस पर अच्छी फैक्ट्री स्थापित करवाएंगे।
आरोपियों द्वारा यह भी आश्वासन दिया गया कि यदि जमीन दिलवाने का कार्य नहीं हो पाया तो शिकायतकर्ता द्वारा दी गई राशि ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी। आरोपियों के बार-बार दिए गए प्रस्तावों एवं आश्वासनों पर विश्वास करते हुए शिकायतकर्ता ने जमीन एवं प्रॉपर्टी के लिए सहमति दे दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने बैंक से लोन करवाने का आश्वासन देकर विभिन्न बैंकों से लोन की प्रक्रिया करवाई। इसके अतिरिक्त आरोपियों ने अपनी “एंजल इंडस्ट्री” नामक कोलकाता स्थित कंपनी में निवेश करने का प्रस्ताव भी दिया तथा कंपनी के संबंध में अच्छा व्यवसाय होने का दावा किया गया। निवेश एवं अन्य योजनाओं के नाम पर शिकायतकर्ता तथा उसके परिवार के सदस्यों से धनराशि प्राप्त की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार इस प्रकार जमीन, प्रॉपर्टी, निवेश एवं अन्य योजनाओं के नाम पर कुल मिलाकर करीब एक करोड़ 99 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त की गई। इसके बाद आरोपी शिकायतकर्ता से संपर्क से बचने लगे और फोन उठाना बंद कर दिया।

जब शिकायतकर्ता ने अपनी धनराशि वापस मांगी तो आरोपियों द्वारा कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज की गई तथा उसे जान से मारने एवं उसके परिवार के सदस्यों का अपहरण करने की धमकियां दी गईं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता द्वारा दी गई कुल धनराशि में से 20 लाख रुपये आरोपी दमन कपूर के बैंक खाते में भेजे गए थे

शिकायत के आधार पर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा नारनौल ने जांच शुरू की। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मीर सिंह, उसके पुत्र आशुतोष तथा उनके एक अन्य साथी राकेश को दिनांक 27 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मामले में सुमित कुमार को दिनांक 24 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया। मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा नारनौल ने पांचवें आरोपी दमन कपूर निवासी मंडी, हिमाचल प्रदेश को दिनांक 21 अगस्त 2026 को मोहाली, पंजाब से गिरफ्तार किया।

आरोपी को दिनांक 22 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी दमन कपूर ने शिकायतकर्ता की धनराशि में से 5 लाख रुपये वापस किए, जबकि शेष 15 लाख रुपये भी जल्द वापस करने का एग्रीमेंट दिया है। तीन दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने के पश्चात आरोपी को दिनांक 25 अगस्त 2026 को पुनः न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री फैजल खान ने बताया कि आरोपी दमन कपूर की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश एवं उनकी भूमिका की जांच जारी है।

आरोपी मीर सिंह, उसके पुत्र आशुतोष एवं उनके अन्य साथियों के विरुद्ध धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। जिला महेंद्रगढ़ में इनके विरुद्ध धोखाधड़ी के मामलों में कुल पांच एफआईआर दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त हरियाणा के अन्य जिलों तथा पड़ोसी राज्यों में भी इनके विरुद्ध धोखाधड़ी से संबंधित करीब 10 अन्य मुकदमे दर्ज हैं।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad