Gurugram News: महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव को लेकर मानेसर पुलिस का जागरूकता अभियान
महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ जागरूकता और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर महिला थाना मानेसर पुलिस ने गुरुवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया।
गुरुग्राम: महिला सुरक्षा, नशे के खिलाफ जागरूकता और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर महिला थाना मानेसर पुलिस ने गुरुवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीम ने बास कुसला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों व महिलाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त मानेसर श्रीमती प्रबीना आईपीएस के दिशा-निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक मुकेश कुमारी, महिला सहायक उप निरीक्षक ज्योति और दुर्गा शक्ति पीसीआर-6 की टीम शामिल रही। टीम ने महिलाओं और छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, आत्मरक्षा, नशामुक्ति और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया।
डीपफेक और सेक्सटॉर्शन से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम में इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को डिजिटल सहेली के बारे में बताते हुए पुलिस ने कहा कि यह एंटी-डीपफेक और सेक्सटॉर्शन रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट के तौर पर काम करेगी। यदि किसी महिला की तस्वीर या वीडियो को मॉर्फ अथवा एडिट कर आपत्तिजनक तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाता है, तो पीड़िता 9999981002 पर संपर्क कर सकती है या साइबर क्राइम के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकती है। पुलिस ने ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
112 और ट्रिप मॉनिटरिंग की जानकारी
महिलाओं को आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता हासिल करने के लिए डायल-112 का इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा के बारे में भी बताया गया, ताकि महिलाएं यात्रा के दौरान उपलब्ध पुलिस सुरक्षा सेवाओं का लाभ उठा सकें।
पुलिस टीम ने छात्राओं और महिलाओं को महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्हें किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ उसका सामना करने के लिए प्रेरित किया गया।
नशे से दूर रहने का संदेश
अभियान के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
महिला थाना मानेसर पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील रहें, संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें और ऑनलाइन ठगी व अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता बरतें। पुलिस के अनुसार महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नशामुक्ति को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



