Nuh Tawdu News: नूंह में भ्रष्टाचार पर एसीबी का शिकंजा, तावडू बिजली निगम का असिस्टेंट लाइनमैन 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
अगस्त में छठी कार्रवाई, बिजली निगम में चौथा कर्मचारी पकड़ा गया
नूंह जिले में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा कार्रवाई में तावडू बिजली निगम में तैनात एक असिस्टेंट लाइनमैन को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
तावडू। नूंह जिले में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा कार्रवाई में तावडू बिजली निगम में तैनात एक असिस्टेंट लाइनमैन को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। निरीक्षक अजय कुमार एसीबी नूंह ने इसकी पुष्टि की है।

निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि आरोपी राकेश हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत तावडू बिजली विभाग में तैनात है और मूल रूप से जिला रेवाड़ी के बावल का रहने वाला है। उसकी ड्यूटी तावडू शहर में थी। नगर के शिकारपुर बाईपास पर एक उपभोक्ता डिफॉल्टर था। उसी स्थान पर शाहिद पुत्र खुर्शीद निवासी गांव पलड़ी, जिला नूंह के नाम पर रेंट एग्रीमेंट के आधार पर मीटर लगाने की एवज में आरोपी राकेश ने 45 हजार रूपये रिश्वत की मांग की थी। उपभोक्ता ने इसकी शिकायत एसीबी को दी, जिसके बाद गुरूवार को नूंह एसीबी टीम ने ट्रैप लगाकर उसे नगर के बाईपास फारूख अखड़ा के पास में 20 हजार रुपये की रिशवत लेते हुए दबोच लिया। निगम के सूत्रों का कहना है कि आरोपी काफी समय से भ्रष्टाचार में लिप्त था और उपभोक्ता उससे खासे परेशान थे। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने भ्रष्टाचार से अर्जित धन से शहर में प्लॉट भी खरीदा हुआ है। समय-समय पर उपभोक्ताओं द्वारा आरोपी राकेश पर गलत कार्य करने के गंभीर आरोप भी लगाए जाते रहे हैं।
गौरतलब है कि अगस्त महीने में नूंह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह एसीबी की छठी बड़ी कार्रवाई है। अकेले बिजली निगम में यह चौथा कर्मचारी है, जो रिश्वत लेते पकड़ा गया है। इससे पहले इसी महीने बिजली विभाग के एक लाइनमैन और एक एलडीसी तथा एक फोरमैन को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा पुलिस, स्वास्थ्य और पेंशन विभाग के कर्मचारियों पर भी एसीबी की गाज गिर चुकी है। सूत्रों के अनुसार, कुछ महकमे एसीबी की रडार पर बताए जा रहे हैं और जल्द ही भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



