Nuh Mewat News: नूंह पुलिस की कार्रवाई तीन गोवंश मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार, गोकशी पर लगातार कसा जा रहा शिकंजा
जिले में गोकशी एवं गोतस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही हैं।
नूंह। जिले में गोकशी एवं गोतस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही हैं। इसी क्रम में जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन गोवंश को मुक्त कराते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्थानीय पुलिस द्वारा दोनों मामलों में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पहली घटना में 1 सितंबर को केएमपी एक्सप्रेसवे स्थित रेवासन टोल प्लाजा पर एक सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जिसमें पिकअप वाहन में दो गायों को अत्यंत कमजोर एवं दुबली-पतली अवस्था में गोकशी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर संबंधित टीम ने वाहन को रोककर जांच की। वाहन चालक की पहचान राजा कुमार पुत्र नरेश दास निवासी समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई। मामले की सूचना थाना रोजका मेव को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जबकि दूसरी घटना में भी एक सूचना पर सुबह करीब पांच बजे गांव सिंगार के जंगल क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई की। जहां एक व्यक्ति पिकअप वाहन में एक गाय लेकर गोकशी के उद्देश्य से पहुंचा था। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर को अवगत कराया गया और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। आरोपी की पहचान विष्णु पुत्र रोहन सिंह निवासी कटिया भगवती थाना मुजरिया चौकी जिला बदायूं उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने गाय और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि जिले में गोकशी और गोतस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के नेतृत्व में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस न केवल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर रही है, बल्कि बड़ी संख्या में गोवंश को भी सुरक्षित मुक्त कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



