Nuh Mewat News: मुख्यमंत्री आज करेंगे लगभग 175 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री खंड पिनगवां के गांव लाहबास में लगभग 86.17 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अल्वी भवन का विधिवत शिलान्यास करेंगे
जिला उपायुक्त अखिल पिलानीे ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नव नियुक्त प्राथमिक अध्यापकों (नूंह/मेवात संवर्ग) के राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री मेवात विकास बोर्ड के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
नूंह: जिला उपायुक्त अखिल पिलानीे ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नव नियुक्त प्राथमिक अध्यापकों (नूंह/मेवात संवर्ग) के राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री मेवात विकास बोर्ड के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।

उपायुक्त अखिल पिलानीे ने बताया कि जिला नूंह में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की 11 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का तथा मुख्यमंत्री मेवात विकास अभिकरण 10 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं पर लगभग 175 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी, जिससे जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पुनहाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित बीपीएचयू (ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट) भवन का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं मांडीखेड़ा नागरिक अस्पताल परिसर में 154.20 लाख रुपये की लागत से निर्मित टीबी कार्यालय भवन का भी उद्घाटन होगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत गांव अडबर में 60.19 लाख रुपये, गांव छारोड़ा में 79.45 लाख रुपये, गांव कंकर खेड़ी (खेरली नूंह) में 63.96 लाख रुपये, गांव नई में 68.92 लाख रुपये, गांव सिरौली में 60.76 लाख रुपये तथा गांव इंडरी में 63.04 लाख रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र (एसएचसी) भवनों का शिलान्यास किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त गांव पढ़ेनी में 50 लाख रुपये की लागत से बीपीएचयू भवन तथा पुनहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव पिंगवां में 61.93 लाख रुपये की लागत से बीपीएचयू भवन के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं में सबसे बड़ी परियोजना पुराने सीएचसी नूंह परिसर में 155.49 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड क्षमता वाले जिला सामान्य अस्पताल (डीसीएच) का निर्माण है, जिसका शिलान्यास किया जाएगा। यह अस्पताल आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त होगा और जिले के लोगों को बेहतर उपचार सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अखिल पिलानी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी तथा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी।
मेवात विकास अभिकरण की 11.18 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन:
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि 29 अगस्त को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जिला नूंह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेवात विकास अभिकरण की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं पर कुल 11.18 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी, जिससे जिले में आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा कुल 8.61 करोड़ रुपये लागत की सात विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें नूंह में सार्वजनिक पार्क का निर्माण 2.45 करोड़ रुपये की लागत से, पिनंगवां में खेल स्टेडियम के नवीनीकरण पर 1.80 करोड़ रुपये, 100 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना पर 1.47 करोड़ रुपये, नूंह खंड के 33 राजकीय विद्यालयों में बालिका शौचालयों के निर्माण पर 1 करोड़ रुपये, हथीन में उपमंडल स्तरीय पुस्तकालय के निर्माण पर 39 लाख रुपये, हथीन खंड के 14 राजकीय विद्यालयों में हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापना पर 1 करोड़ रुपये तथा हथीन खंड के 10 राजकीय विद्यालयों में खेल मैदान विकसित करने पर 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री 2.57 करोड़ रुपये लागत की तीन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इनमें गांव शाहपुर-नांगली (नूंह) एवं कामेड़ा (फिरोजपुर झिरका) के खेल स्टेडियमों के नवीनीकरण पर 85 लाख रुपये, जिला नूंह के 16 राजकीय विद्यालयों में खेल मैदानों के विकास पर 80 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री मेवात गरीब मेधावी छात्रवृत्ति योजना एवं मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को 92 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि वितरण शामिल है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में खेल, शिक्षा, ऊर्जा एवं सामाजिक आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा मेवात क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री खंड पिनगवां के गांव लाहबास में लगभग 86.17 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अल्वी भवन का विधिवत शिलान्यास करेंगे:
उन्होंने कहा कि इससे अलावा मुख्यमंत्री खंड पिनगवां के गांव लाहबास में लगभग 86.17 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अल्वी भवन का विधिवत शिलान्यास करेंगे। इस भवन के बनने से अल्वी समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसमें सामाजिक बैठकों, शैक्षणिक कार्यक्रमों, प्रतिभा सम्मान समारोहों, जागरूकता अभियानों तथा सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन बनने से विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने नूंह की नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर अनाज मंडी का दौरा किया और तैयारीयों का जायजा लिया । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नव नियुक्त प्राथमिक अध्यापकों के राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम एवं मेवात विकास बोर्ड की बैठक को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, नगराधीश अप्रितम सिंह साहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author
संबंधित समाचार



