Gurugram News: मतदाता सूची में नाम जांच लें, 30 सितंबर तक दर्ज कराएं दावे-आपत्तियां

28 अक्टूबर तक होगा निस्तारण, 6 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

Desh Rojana
On

भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समय-सारणी में बदलाव किया है। अब मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक दर्ज कराई जा सकेंगी। 

गुरुग्राम: भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समय-सारणी में बदलाव किया है। अब मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि संशोधित अंतिम मतदाता सूची 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित होगी।

WhatsApp Image 2026-09-01 at 11.54.46 PM

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने जिलावासियों से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। नाम, पते या अन्य विवरण में किसी तरह की त्रुटि मिलने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करें।

नाम जोड़ने और संशोधन के लिए अलग-अलग फॉर्म:

यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाएगा। मृत, अपात्र या स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

दावे और आपत्तियां संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी के कार्यालय में जमा कराई जा सकती हैं। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी से भी आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं। मतदाता हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से भी जानकारी ली जा सकती है।

पात्र का नाम न छूटे, अपात्र का नाम हटे:

इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और उपायुक्तों के साथ अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पुनरीक्षण का काम निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और अपात्र प्रविष्टियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाया जाए। डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि मतदाता सूची को सही बनाने में प्रशासन के साथ नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम व विवरण की जांच करने की अपील की।

बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, सीटीएम ज्योति नागपाल, निर्वाचन तहसीलदार राजेंद्र हुड्डा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad