Palwal News: विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (वीबीवाईएलडी) 2027 के तहत विकसित भारत प्रश्नोत्तरी की जा रही है आयोजित : उपायुक्त

16 सितंबर 2026 तक माय भारत पोर्टल पर कर सकते हैं भागीदारी

Desh Rojana
On

 उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग) 2027 के तहत विकसित भारत प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जा रहा है।

पलवल:  उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग) 2027 के तहत विकसित भारत प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जा रहा है।

chillar

यह राष्ट्रीय स्तर की प्रश्नोत्तरी माय भारत पोर्टल  mybharat.gov.in/vbyld-2027     पर आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के युवा भारत के भविष्य और विकसित भारत की परिकल्पना से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 का आयोजन 10 से 12 जनवरी तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने और अपने विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ साझा करने की दिशा में आज ही पहला कदम उठाएं।

उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जा रहा है। प्रश्नोत्तरी में कुल 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्पों में से केवल एक सही उत्तर होगा। प्रश्नोत्तरी की अवधि 10 मिनट निर्धारित की गई है तथा प्रत्येक प्रतिभागी को केवल एक प्रयास का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रश्नोत्तरी सभी पंजीकृत उपयोगकर्ताओं के लिए खुली है, हालांकि आगामी चरणों में आगे बढ़ने के लिए विशेष रूप से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को पात्र माना जाएगा। उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों में से विजेताओं का चयन कंप्यूटर आधारित लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।

उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने जिला पलवल के अधिक से अधिक युवाओं से अपील की कि वे  mybharat.gov.in/vbyld-2027 पोर्टल पर पंजीकरण कर विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में बढ़-चढक़र भाग लें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, ज्ञान और नेतृत्व क्षमता ही भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगी। प्रश्नोत्तरी में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए भागीदारी प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रश्नोत्तरी युवाओं के लिए ज्ञानवर्धन के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका को समझने और देश के भविष्य से जुड़ने का एक उत्कृष्ट अवसर है।

उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि यह पहल युवाओं को भारत के विकास से संबंधित विषयों के प्रति जागरूक करने, उनमें जिज्ञासा उत्पन्न करने तथा विकसित भारत-2047 के विजन में सार्थक भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रश्नोत्तरी का आयोजन देश की 22 भाषाओं में किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश के युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगामी चरणों, जैसे निबंध लेखन, प्रस्तुतीकरण एवं अन्य गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इन चरणों के माध्यम से युवा अपने विचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत कर सकेंगे, अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करेंगे तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में अपने सुझाव और योगदान दे सकेंगे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad