Gurugram News: गुरुग्राम में दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या, चार के खिलाफ केस; दो हिरासत में

Desh Rojana
On

पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में 33 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार तड़के ओल्ड दिल्ली-गुरुग्राम रोड पर सेक्टर-21 के पास की है

गुरुग्राम: पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में 33 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार तड़के ओल्ड दिल्ली-गुरुग्राम रोड पर सेक्टर-21 के पास की है। पुलिस ने मृतक के चार दोस्तों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
 
dead-body-in-bangalores-apartment (1)
 
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान डूंडाहेड़ा के बंगला मोहल्ला निवासी हरजीत सिंह के रूप में हुई है। हरजीत रविवार रात कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा।
 
सोमवार सुबह करीब चार बजे राहगीरों ने ओल्ड दिल्ली-गुरुग्राम रोड पर एक निजी अस्पताल के प्रवेश द्वार के पास युवक का शव पड़ा देखा। उसके गर्दन, सिर और सीने पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
 
गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरान ने बताया कि हत्या की परिस्थितियों और उसके पीछे की वजह की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। कुछ संदिग्धों से पूछताछ चल रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि हरजीत की हत्या उसी स्थान पर की गई, जहां से उसका शव बरामद हुआ था।
 
भाई की शिकायत पर चार दोस्तों के खिलाफ एफआईआर 
पुलिस के अनुसार हरजीत के भाई की शिकायत के आधार पर सोमवार को उद्योग विहार थाने में चार दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या और धारा 3(5) के तहत समान मंशा से अपराध करने का मामला दर्ज किया गया है।
 
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हरजीत को उसके दोस्तों ने पार्टी के बहाने बुलाया था। परिवार का दावा है कि कुछ सप्ताह पहले दोस्तों के बीच विवाद हुआ था और इसी रंजिश के चलते उसे सुनियोजित तरीके से बुलाकर हत्या कर दी गई।
 
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने हरजीत का शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad