Faridabad News : जनसुनवाई शिविर में करीब 20 शिकायतें पहुंचीं, प्रॉपर्टी आईडी की शिकायत का मौके पर समाधान
पीने के पानी की समस्याओं को तुरंत हल करें अधिकारी - प्रवीण बत्रा जोशी, मेयर
नगर निगम फरीदाबाद में हर सोमवार को आयोजित होने वाले जनसुनवाई शिविर में आज महापौर प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में करीब 20 शिकायतें एवं समस्याएं सामने आईं।
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद में हर सोमवार को आयोजित होने वाले जनसुनवाई शिविर में आज महापौर प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में करीब 20 शिकायतें एवं समस्याएं सामने आईं। जनसुनवाई के दौरान भारत कालोनी ओल्ड फरीदाबाद एक नागरिक की प्रॉपर्टी आईडी में सुधार से संबंधित शिकायत का मौके पर ही समाधान करते हुए रिकॉर्ड को दुरुस्त किया गया। 
जनसुनवाई शिविर में वार्ड नंबर 3 और 4 के नागरिकों ने पीने के पानी की समस्या महापौर के समक्ष रखी। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि सेक्टर-25 बूस्टर से पहले करीब चार घंटे तक पानी की सप्लाई होती थी, लेकिन अब लगभग दो घंटे ही पानी चल रहा है। इसके कारण वार्ड नंबर 4 सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस दौरान शिकायतकर्ताओं के साथ पार्षद प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र भारद्वाज भी मौजूद रहे। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने वार्ड नंबर 4 और एसजीएम नगर के नागरिकों की पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। इसके अलावा वार्ड नंबर 16 के पार्षद मनोज नासवा ने बौद्ध पार्क और छठ पार्क में लाइट लगवाने से संबंधित शिकायत भी जनसुनवाई में रखी। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्री यशेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों पर आयोजित जनसुनवाई शिविर में अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल, जॉइंट कमिश्नर अमित मान, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर वीरेंद्र सिंह, सीटीपी धर्मपाल सिंह, सीनियर आर्किटेक्ट बीएस ढिल्लों, क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी सृष्टि बब्बर, अशोक ठाकुर, संजय चपराना, दीपक कुमार, दीपा पब्बी, विकास कन्हैया तथा निगम प्रवक्ता जोगेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भी जनसुनवाई से जुड़े रहे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने सफ़ाई कर्मचारियों और आम जन की समस्याओं को प्रमुखता से लेते हुए जनसुनवाई शिविर के बीच सफाई कर्मचारी यूनियन के सदस्यों से भी बातचीत की और उनकी बात को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और और स्थानीय निकाय मंत्री से वार्ता का विश्वास दिलाया गया।

About The Author
संबंधित समाचार



