Palwal /Hodal News: अवैध गोवंश तस्करी में एक आरोपी पर कसा शिकंजा, 2 गोवंश कराए मुक्त
थाना मुंडकटी पुलिस ने अवैध गोवंश तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हर्ष उर्फ रवि निवासी सागरपुर, जिला साउथ वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई है।
होडल। थाना मुंडकटी पुलिस ने अवैध गोवंश तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हर्ष उर्फ रवि निवासी सागरपुर, जिला साउथ वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई है।

मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश चंद्र से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सोनू निवासी रामनगर टुकड़िया मोहल्ला, की सूचना पर मुंडकटी थाना पुलिस ने कार्रवाई की थी। सूचना मिली थी कि एक छोटा हाथी गाड़ी में गोवंश को अवैध रूप से भरकर नोएडा से केएमपी के रास्ते मेवात की तरफ ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस व शिकायतकर्ता टीम ने खटेला सराय पुल के पास घेराबंदी करके उक्त गाड़ी को रुकवाया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 2 गोवंश बरामद हुए, जिनके हाथ-पैर और मुंह क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बंधे हुए थे। पुलिस ने मौके से ही गाड़ी चालक आरोपी हर्ष उर्फ रवि को काबू कर लिया। बरामद गोवंश को सुरक्षित गौ सेवा समिति में भिजवाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुंडकटी थाने में हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी का 1 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से मामले में शामिल सह-आरोपियों के संबंध में अहम सुराग हासिल किए गए। पुलिस रिमांड पूरा होने के पश्चात आरोपी हर्ष उर्फ रवि को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में संलिप्त अन्य फरार सह-आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



