Palwal News: सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए 28 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन : उपायुक्त
जल संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाएं कर सकती हैं आवेदन
केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग की ओर से सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए 28 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हुए हैं।
पलवल,: केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग की ओर से सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए 28 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हुए हैं। जल संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पात्र संगठन, संस्थाएं, जिला प्रशासन, शहरी स्थानीय निकाय, उद्योग एवं अन्य संबंधित इकाइयां इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकती हैं।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 28 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि पात्र आवेदक पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल तथा जल शक्ति मंत्रालय की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।

विभिन्न श्रेणियों में दिए जाएंगे राष्ट्रीय जल पुरस्कार
उपायुक्त ने बताया कि 7वें राष्ट्रीय जल पुरस्कारों के तहत सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, जल क्षेत्र में कार्यान्वित सर्वश्रेष्ठ परियोजना तथा जल क्षेत्र में सीएसआर पहल के लिए सर्वश्रेष्ठ उद्योग सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सर्वश्रेष्ठ जिला श्रेणी के अंतर्गत जल संसाधन प्रबंधन, जल संचय-जनभागीदारी तथा जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण उप-श्रेणियां भी शामिल हैं। ये पुरस्कार जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल के बेहतर प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचार पूर्ण कार्य करने वाली इकाइयों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण अवसर हैं।
पलवल जिला की पात्र संस्थाएं समय सीमा से पहले करें आवेदन
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिले के संबंधित विभागों, संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, उद्योगों एवं अन्य पात्र इकाइयों से आह्वान किया है कि वे जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल संसाधन प्रबंधन तथा जल के सदुपयोग की दिशा में किए गए अपने उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में समाज, प्रशासन, संस्थाओं एवं उद्योगों की सामूहिक भागीदारी से ही भविष्य की जल आवश्यकताओं को सुरक्षित किया जा सकता है। जिले की सभी पात्र इकाइयां अपने उल्लेखनीय कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के लिए 28 अगस्त से पहले आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



