Narnaul News: चोरी के सामान को बेचने से पहले ही पुलिस ने दबोचे आरोपी, पूरा चोरी का सामान व वारदात में प्रयुक्त टेम्पो बरामद
पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार के निर्देशानुसार चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना नांगल चौधरी पुलिस ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
नारनौल: पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार के निर्देशानुसार चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना नांगल चौधरी पुलिस ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया संपूर्ण सामान बरामद करने के साथ-साथ वारदात में प्रयुक्त टेम्पो को भी कब्जा पुलिस में लिया है। आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया।

डीएसपी मुख्यालय श्री भारत भूषण ने बताया कि शिकायतकर्ता चंद्रकांत निवासी गांव भुंगारका, थाना नांगल चौधरी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके पुराने मकान में घरेलू एवं अन्य सामान रखा हुआ था। दिनांक 20 अगस्त 2026 को मकान में रखा सामान सुरक्षित था तथा मकान पर ताला लगा हुआ था। जब शिकायतकर्ता ने दिनांक 23 अगस्त 2026 को मकान का निरीक्षण किया तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखा सामान चोरी पाया गया।
शिकायतकर्ता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार चोर मकान से तीन पीतल की परात, दो पीतल के टोकने, तीन पीतल की थालियां, एक पीतल की बाल्टी, दो स्टील की थालियां, 12 छोटी-बड़ी स्टील की प्लेटें तथा दो स्टील की ट्रे चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में थाना नांगल चौधरी में नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा तुरंत जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बादल निवासी नई बस्ती, मोहल्ला माली टीबा, नारनौल तथा आरोपी विकास निवासी मोहल्ला कोलियांन, नारनौल को एचसी सुरेन्द्र कुमार व उनकी टीम द्वारा दिनांक 25 अगस्त 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस टीम ने समय रहते दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ एवं पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया संपूर्ण सामान बरामद कर लिया गया। इसके अतिरिक्त चोरी की वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त टेम्पो को भी कब्जा पुलिस में लेकर जब्त किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बादल के विरुद्ध चोरी से संबंधित 13 मुकदमे पहले भी दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड एवं मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले में अन्य तथ्यों एवं संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पुलिस जांच जारी है।
महेंद्रगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि किसी भी प्रकार की चोरी अथवा अन्य आपराधिक घटना घटित होती है तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन पर दें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा चोरी अथवा अपराध से संबंधित सामान की बरामदगी में सहायता मिलती है।




