Palwal news- पलवल में विकास को नई गति: खेल मंत्री गौरव गौतम ने 1.90 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को प्रकाश विहार स्थित वार्ड-22 एवं वार्ड-18 में लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर समाजसेवी रवि गंगोली के निवास पर स्थानीय नागरिकों ने खेल राज्य मंत्री का फूल-मालाओं और पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया।
पलवल। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को प्रकाश विहार स्थित वार्ड-22 एवं वार्ड-18 में लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर समाजसेवी रवि गंगोली के निवास पर स्थानीय नागरिकों ने खेल राज्य मंत्री का फूल-मालाओं और पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया। 
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि नगर परिषद पलवल द्वारा शहर के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से वार्ड-22 और वार्ड-18 में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही शिव विहार क्षेत्र में बघेल चौपाल का निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, जल निकासी और आवागमन की सुविधाएं प्राप्त होंगी। गौरव गौतम ने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पलवल को आधुनिक और विकसित शहर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं वर्तमान में प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि लाइनपार क्षेत्र में लगभग 80 प्रतिशत सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। पिछले एक वर्ष के दौरान शहर की जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने के साथ-साथ मुख्य चौकों का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है, जिससे शहर की सुंदरता और सुविधाओं में वृद्धि हुई है।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि अब तक पलवल में करीब 200 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। वहीं, 8.5 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल लाइन बिछाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है, ताकि प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की सुविधा पहुंचाई जा सके।उन्होंने पलवल को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम विकसित किया जाएगा। साथ ही मौजूदा खेल स्टेडियमों का जीर्णोद्धार कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि पलवल के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें और अन्य जिलों के खिलाड़ी भी यहां आकर उत्कृष्ट खेल सुविधाओं का लाभ उठा सकें। गौरव गौतम ने कहा कि शहर में जल्द ही मॉडल रोड परियोजना पर भी कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे पलवल के शहरी ढांचे को और अधिक आधुनिक एवं व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पलवल के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और शहर को प्रदेश के अग्रणी नगरों की श्रेणी में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



