Palwal News : अंग्रेजी शासन और हिटलरशाही जैसी सोच से लोकतांत्रिक आवाजों को नहीं दबाया जा सकता: नेत्रपाल अधाना
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के छात्रों की समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस जिलाध्यक्षों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने और 9 युवाओं को गिरफ्तार किए जाने की कड़ी निंदा की।
पलवल। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के छात्रों की समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस जिलाध्यक्षों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने और 9 युवाओं को गिरफ्तार किए जाने की कड़ी निंदा की। 
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को अपनी दमनकारी नीति छोडक़र छात्रों और युवाओं से संवाद करना चाहिए। लोकतंत्र में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाना अपराध नहीं, बल्कि नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। श्री बघेल रविवार को पलवल के ओमेक्स सिटी स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना भी मुख्यरूप से मौजूद थे।
जितेंद्र बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश में ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, जहां सरकार से सवाल पूछने वालों को जवाब देने के बजाय मुकदमों और गिरफ्तारियों का सामना करना पड़ता है। यह लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा नहीं है। अंग्रेजी शासन में भी जनता की आवाज को दबाने के लिए दमन का सहारा लिया जाता था, लेकिन आजाद भारत में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं को गिरफ्तार किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में जनता सरकार की प्रजा नहीं, बल्कि सरकार की मालिक होती है। हिटलरशाही सोच और दमन के सहारे लोकतांत्रिक आवाजों को ज्यादा समय तक नहीं दबाया जा सकता। जितना सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास करेगी, उतनी ही मजबूती से युवा अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। आज किसान परेशान है, मजदूर परेशान है, व्यापारी परेशान है, कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है और युवा रोजगार एवं बेहतर भविष्य के लिए भटक रहा है। शिक्षा व्यवस्था से लेकर रोजगार, महंगाई, कानून-व्यवस्था और जनसुविधाओं तक हर क्षेत्र में जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए जनता की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के छात्र यदि रिजल्ट में देरी, परिवहन व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं तो सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए। छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके हक में आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। भाजपा सरकार को पुलिस के पीछे छिपने के बजाय युवाओं के बीच जाकर उनके सवालों का जवाब देना चाहिए। हरियाणा के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और शांतिपूर्ण संघर्ष में विश्वास रखती है। गिरफ्तारियां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं के हौसले को नहीं तोड़ सकतीं। कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं, छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके न्याय के लिए लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि गिरफ्तार किए गए सभी युवाओं को तत्काल रिहा किया जाए, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं, परिवारों को परेशान करना बंद किया जाए तथा गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के छात्रों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना और जनता एवं छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। भाजपा सरकार सवालों का जवाब देने के बजाय मुकदमों और गिरफ्तारियों के जरिए युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। छात्रों की आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के छात्रों की समस्याओं को सरकार गंभीरता से सुने और उनका तत्काल समाधान करे। उन्होंने सभी गिरफ्तार युवाओं की रिहाई, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने और यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की अनुचित भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधाना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी सरकारी दबाव से डरने वाली नहीं है। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी आवाज उठाते रहेंगे।

About The Author
संबंधित समाचार



