Gurugram News: प्रतिभा किसी जाति की मोहताज नहीं—मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बावल में आयोजित समरसता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
गुरुग्राम : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बावल में आयोजित समरसता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन उस विश्वास का उत्सव है जिसमें प्रतिभा किसी जाति की मोहताज नहीं होती और अवसर किसी भेदभाव का।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, प्रतिभा, परिश्रम और सामाजिक समरसता का संगम आज हरियाणा में साफ दिखाई दे रहा है। किसी समाज की सच्ची प्रगति तब ही संभव है जब गरीब का बच्चा भी बड़े सपने देख सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बेटी की पहचान उसकी प्रतिभा से और युवा की पहचान उसकी योग्यता तथा मेहनत से होनी चाहिए।
आज का यह सम्मेलन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि हरियाणा की बदलती सामाजिक चेतना का उत्सव है। इस अवसर पर विभिन्न परीक्षाओं और खेल प्रतियोगिताओं में अव्वल रहने वाले 411 विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, माता-पिता और गुरुजनों को हृदय से बधाई और नमन किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार ने हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का गठन किया है। आयुष्मान भारत और चिरायु हरियाणा योजना के माध्यम से अब तक 37 लाख से अधिक मरीजों का इलाज किया जा चुका है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 2042 करोड़ रुपये माता-बहनों के खातों में पहुंचाए गए हैं।
श्री सैनी ने कहा कि सशक्तिकरण का अर्थ केवल सहायता देना नहीं, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता का रास्ता खोलना भी है। इसी दिशा में आर्थिक मोर्चे पर अनुसूचित जाति के लोगों के लिए कानूनी सहायता स्कीम की राशि बढ़ाकर 22 हजार रुपये कर दी गई है। किसानों को बायोगैस प्लांट और बैटरी चालित स्प्रे पंप पर सब्सिडी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ उल्लेख किया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में बिना खर्ची और बिना पर्ची के दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि मिलकर विकसित हरियाणा और विकसित भारत का निर्माण करें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मेघवाल उत्थान समिति को 31 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



