Kaithal /Gulha Cheeka News: राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज हुई एफ.आई.आर. के विरोध में कांग्रेस के नेताओं में भारी आक्रोश: देवेंद्र हंस
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में दर्ज हुई एफ.आई.आर. के विरोध में हरियाणा कांग्रेस के नेताओं में भारी आक्रोश है। इस मामले पर गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने भाजपा सरकार के खिलाफ कड़ा बयान जारी करते हुए इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला और बदले की राजनीति करार दिया है।
गुहला चीका। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में दर्ज हुई एफ.आई.आर. के विरोध में हरियाणा कांग्रेस के नेताओं में भारी आक्रोश है। इस मामले पर गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने भाजपा सरकार के खिलाफ कड़ा बयान जारी करते हुए इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला और बदले की राजनीति करार दिया है। विधायक देवेंद्र हंस ने हल्द्वानी की घटना का पुरजोर जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद जिस तरह कार्यक्रम स्थल और मंच का शुद्धिकरण किया गया, वह देश के दलित, शोषित और पिछड़े समाज का घोर अपमान है। देवेंद्र हंस ने सवाल उठाया कि इस घिनौने कृत्य को करने वाले या करवाने वाले भाजपा व आर.एस.एस. के कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उल्टा राहुल गांधी पर ही केस दर्ज कर लिया। उन्होंने इसे देश के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश बताया।
दलितों और वंचितों की आवाज दबाने का प्रयास:
देवेंद्र हंस ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा से दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की लड़ाई निडर होकर लड़ रहे हैं। जब भी कोई वरिष्ठ नेता इस ऐतिहासिक अन्याय और छुआछूत जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाता है, तो भाजपा सरकार सरकारी तंत्र और पुलिस का दुरुपयोग कर उसे डराने का प्रयास करती है। इस एफ.आई.आर. के जरिए केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार पूरे देश के शोषित समाज को यह संदेश देना चाहती है कि अगर किसी ने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई, तो उस पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाएंगे।
लोकतंत्र और संविधान पर कुठाराघात:
हंस ने अपने बयान में कहा कि आज देश मनुस्मृति से नहीं बल्कि बाबासाहेब के बनाए संविधान से चलेगा। भाजपा सरकार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कुचलना चाहती है और विपक्ष की आवाज को पूरी तरह दबाने पर आमादा है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता की आवाज को मुकदमों के दम पर बंद नहीं किया जा सकता।
एफ.आई.आर. तुरंत रद्द करने और निष्पक्ष जांच की मांग:
गुहला विधायक ने मांग की है कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज इस राजनीति से प्रेरित और झूठी एफ.आई.आर. को तुरंत बिना किसी शर्त के वापिस लिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मांग उठाई कि जिन लोगों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान करते हुए मंच का शुद्धिकरण किया था, उन असली दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ एस.सी.एस.टी. एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेताया कि जब तक राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज यह फर्जी मुकदमा वापस नहीं होता, तब तक कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।




