Nuh Mewat News: एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण ने समाधान शिविर में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

Desh Rojana
On

हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त अखिल पिलानी के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय एवं सभी उपमंडलों में आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 

नूंह: हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त अखिल पिलानी के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय एवं सभी उपमंडलों में आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रैंस हॉल में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में जिला नगर योजनाकार बिनेश कुमार तथा उपमंडल स्तर पर फिरोजपुर-झिरका के एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

WhatsApp Image 2026-08-28 at 12.28.08 PM
उपमंडल फिरोजपुर-झिरका में आयोजित समाधान शिविर के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते एसडीएम लक्ष्मी नारायण।

 

एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट निर्देश है कि प्रदेश का कोई भी पात्र नागरिक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के लाभ से वंचित न रहे। यदि किसी पात्र व्यक्ति को किसी योजना के क्रियान्वयन अथवा सरकारी सेवा का लाभ लेने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसका समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई, लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।

एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल समाधान किया जाए तथा जिन मामलों में संबंधित विभागों से रिपोर्ट या अन्य कार्रवाई आवश्यक है, उनकी नियमित रूप से निगरानी करते हुए जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में कोताही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार व वीरवार को नियमित रूप से आयोजित हो रहे समाधान शिविर: एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि जिला एवं उपमंडल मुख्यालयों पर प्रत्येक *सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक* समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को एक ही स्थान पर सुनकर उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाता है, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुशासन का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। प्रत्येक शिकायत को पूरी गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए तथा सभी शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविरों में कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें नूंह में 6, फिरोजपुर-झिरका में 7, तावड़ू में 3 तथा पुन्हाना में 6 शिकायतें  शामिल हैं। सभी शिकायतों के शीघ्र एवं नियमानुसार समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad