Mewat Tawdu News: शहर के पटौदी चौक से सोहना घाटी तक 13 किलोमीटर लंबा जाम।
आधे घंटे का सफर 10 घंटे में हुआ,एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां भी जाम में फंसी।
शहर के पटौदी चौक से सोहना घाटी तक गुरुवार को करीब 13 किलोमीटर लंबा भारी जाम लगने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सामान्य दिनों में करीब आधे घंटे में पूरा होने वाला यह सफर जाम के कारण नौ से दस घंटे में पूरा हुआ।
तावड़ू: शहर के पटौदी चौक से सोहना घाटी तक गुरुवार को करीब 13 किलोमीटर लंबा भारी जाम लगने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सामान्य दिनों में करीब आधे घंटे में पूरा होने वाला यह सफर जाम के कारण नौ से दस घंटे में पूरा हुआ। जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि एंबुलेंस और दमकल विभाग की गाड़ियां भी रास्ते में फंस गईं। इससे आपात स्थिति में सेवाएं भी प्रभावित रही।

सुबह दस बजे से ही पटौदी चौक,सोहना घाटी और आसपास के मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने लगी। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम में फंसे वाहन चालक घंटों तक अपनी जगह से आगे नहीं बढ़ सके। कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेने का प्रयास किया,लेकिन वहां भी यातायात का दबाव बढ़ने से कोई राहत नहीं मिली।
जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी मरीजों को लेकर जाने वाले वाहनों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को हुई। एंबुलेंस के जाम में फंसने से मरीजों और उनके स्वजन की चिंता बढ़ गई। वहीं दमकल विभाग की गाड़ियों के भी जाम में फंसने से किसी आपात स्थिति में समय पर पहुंचने को लेकर सवाल खड़े हुए।
घंटों तक जाम में फंसे स्थानी निवासी सरपंच प्रतिनिधि अजहरुद्दीन, प्रताप गोगजाका और वाहन चालक दीन मोहम्मद,हरबीर सिंह, रामकुमार ने कहा कि करीब 13 किलोमीटर का रास्ता तय करने में नौ से दस घंटे लगे। जो यातायात व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है। लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की कि इस मार्ग पर जाम की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही, आपातकालीन वाहनों के लिए अलग से रास्ता सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में एंबुलेंस और दमकल जैसी जरूरी सेवाएं जाम में न फंसें।
अब क्षेत्र के लोगों में एक बार फिर बाईपास निर्माण की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि सभी प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द से जल्द बाईपास का निर्माण कराया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।
वही मामले को लेकर भवन एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप सिंधु का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। शिकारपुर चौराहे पर कुछ काम चल रहा है यह भी जाम का एक कारण हो सकता है।

About The Author
संबंधित समाचार



