Palwal News: सफाई व्यवस्था और टूटी सड़कों को लेकर सरकार पर बिफरी कांग्रेस
कांग्रेस के पलवल ब्लॉक अध्यक्ष अनूप पाराशर ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था और टूटी सड़कों को लेकर प्रदेश सरकार व प्रशासन पर तीखा हमला बोला।
पलवल: कांग्रेस के पलवल ब्लॉक अध्यक्ष अनूप पाराशर ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था और टूटी सड़कों को लेकर प्रदेश सरकार व प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि करीब 20 दिनों से सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी है, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से उनसे बातचीत तक नहीं की जा रही है। इसका सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है और आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अनूप पाराशर ने कहा कि हर माह सफाई व्यवस्था के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, इसके बावजूद शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसुविधाओं पर ध्यान देने के बजाय केवल शहर में मूर्तियां लगाने के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कें टूटी हुई हैं और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सफाई कर्मियों से तत्काल बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए और शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू कराया जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत करवाई जाए।
अनूप पाराशर ने कहा कि सरकार को जनता की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। यदि सफाई कर्मियों की हड़ताल का समाधान नहीं किया गया और शहर की सफाई व सड़क व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करेगी।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता महावीर पांचाल, बडौली अध्यक्ष ओमप्रकाश पांचाल और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मुकुल देशवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




