Gurugram News: भोंडसी से आगे सोहना तक दौड़ेगी मेट्रो, नए कॉरिडोर की तैयारी तेज
पुराने गुरुग्राम से सोहना को मिलेगी सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी, गुड़गांव रेलवे स्टेशन बनेगा अहम इंटरचेंज
साइबर सिटी से आगे सोहना क्षेत्र में तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए अब मेट्रो कनेक्टिविटी का दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। गुड़गांव रेलवे स्टेशन से भोंडसी तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर को अब आइएमटी सोहना तक ले जाने पर विचार किया जा रहा है। लोगों की लगातार मांग और सोहना क्षेत्र में बढ़ती आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए हरियाणा मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एचएमआरटीएस) ने इस नए प्रस्ताव पर काम शुरू कर दिया है।
गुरुग्राम: साइबर सिटी से आगे सोहना क्षेत्र में तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए अब मेट्रो कनेक्टिविटी का दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। गुड़गांव रेलवे स्टेशन से भोंडसी तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर को अब आइएमटी सोहना तक ले जाने पर विचार किया जा रहा है। लोगों की लगातार मांग और सोहना क्षेत्र में बढ़ती आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए हरियाणा मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एचएमआरटीएस) ने इस नए प्रस्ताव पर काम शुरू कर दिया है।
.jpeg)
प्रस्ताव को सरकार की मंजूरी मिलने के बाद कॉरिडोर की व्यवहार्यता और अन्य तकनीकी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा। फिजिबिलिटी रिपोर्ट के आधार पर आगे विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की दिशा में काम होगा।
गुड़गांव रेलवे स्टेशन से सोहना तक मेट्रो कॉरिडोर बनने से पुराने गुरुग्राम और सोहना के बीच सीधी सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। प्रस्तावित रूट सदर बाजार, जेल रोड और राजीव चौक जैसे प्रमुख एवं व्यस्त क्षेत्रों को जोड़ते हुए गुरुग्राम-सोहना हाईवे की ओर बढ़ेगा। राजीव चौक के बाद कॉरिडोर का स्वरूप तकनीकी अध्ययन के आधार पर तय किया जाएगा। सर्विस लेन के ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाए या किसी हिस्से को भूमिगत रखा जाए, इसका फैसला फिजिबिलिटी रिपोर्ट में होगा।
इस कॉरिडोर को पुराने गुरुग्राम में प्रस्तावित मेट्रो नेटवर्क से भी जोड़ने की योजना है। सेक्टर-5 स्टेशन से गुड़गांव रेलवे स्टेशन को जोड़ा जाएगा, जिससे रेलवे स्टेशन पर दोनों कॉरिडोर के बीच इंटरचेंज की सुविधा मिल सकेगी। यात्री स्टेशन से बाहर निकले बिना एक कॉरिडोर से दूसरे कॉरिडोर पर जा सकेंगे।
पुराने गुरुग्राम में प्रस्तावित 28.5 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर में मिलेनियम सिटी सेंटर से आगे सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72ए, हीरो होंडा चौक, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई, सेक्टर-9, सेक्टर-7, सेक्टर-4, सेक्टर-5, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार और साइबर हब क्षेत्र को जोड़ने का प्रस्ताव है। सेक्टर-9 तक पहले चरण के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सोहना तक विस्तार होने से पुराने गुरुग्राम, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजारों और सोहना क्षेत्र के बीच सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क मजबूत होने की उम्मीद है।

About The Author
संबंधित समाचार



