Gurugram News: सुशांत लोक-3 में भरभराकर गिरे तीन मंजिलों के छज्जे, मकान मालिक समेत दो घायल
मरम्मत से पहले ही ढह गई बालकनी, मलबा दूसरी मंजिल से ग्राउंड फ्लोर तक पहुंचा; बड़ा हादसा टला
सुशांत लोक-3 के बी-1 ब्लॉक में रविवार को एक मकान के छज्जे अचानक भरभराकर गिरने से हड़कंप मच गया। मकान नंबर 52 की दूसरी मंजिल का छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिरा। मलबे की चपेट में आने से पहली मंजिल का छज्जा भी टूट गया और उसके बाद ग्राउंड फ्लोर का आगे निकला छोटा छज्जा भी धराशायी हो गया। हादसे में मकान मालिक कन्हैया यादव और मरम्मत का काम करने आया निजी ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गए।
गुरुग्राम: सुशांत लोक-3 के बी-1 ब्लॉक में रविवार को एक मकान के छज्जे अचानक भरभराकर गिरने से हड़कंप मच गया। मकान नंबर 52 की दूसरी मंजिल का छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिरा। मलबे की चपेट में आने से पहली मंजिल का छज्जा भी टूट गया और उसके बाद ग्राउंड फ्लोर का आगे निकला छोटा छज्जा भी धराशायी हो गया। हादसे में मकान मालिक कन्हैया यादव और मरम्मत का काम करने आया निजी ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बी-1 ब्लॉक में करीब 30 से 35 वर्ष पुराने मकान बने हुए हैं। मकान नंबर 52 की दूसरी मंजिल के बालकनी छज्जे में पिछले कुछ समय से दरारें दिखाई दे रही थीं। इसे देखते हुए मकान मालिक ने मरम्मत के लिए निजी ठेकेदार को बुलाया था। रविवार को दोनों छज्जे की स्थिति का निरीक्षण कर मरम्मत की योजना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक छज्जा भरभराकर नीचे आ गिरा और दोनों मलबे की चपेट में आ गए।
हादसे में मकान मालिक को गंभीर चोटें आईं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। ठेकेदार का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दूसरी मंजिल से गिरा मलबा पहली मंजिल और फिर ग्राउंड फ्लोर तक पहुंच गया। गनीमत रही कि पहली मंजिल पर रहने वाले परिवार के सदस्य उस समय घर के अंदर थे और छज्जा बाहर की ओर गिरने से वे सुरक्षित बच गए। वहीं, ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाला परिवार हादसे के समय घर से बाहर था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि ग्राउंड फ्लोर का परिवार उस समय घर में मौजूद होता तो हादसा और गंभीर हो सकता था। सूचना मिलने पर सेक्टर-56 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।

About The Author
संबंधित समाचार



