Rewari News: सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के नाम पर हो रही साइबर ठगी से रहें सावधान : एसपी हेमेंद्र
सोशल मीडिया पर कम कीमत में फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के लालच में नहीं आएं
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा की ओर से आमजन को सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है।
रेवाड़ी पुलिस द्वारा आमजन के लिए जारी मुख्य सावधानियां :
फेसबुक, इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने वाले संदिग्ध विज्ञापनों से सावधान रहें। अनजान व्हाट्सऐप नंबर पर संपर्क कर बिना सत्यापन के कोई भुगतान न करें। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें। कम कीमत, अधिक फॉलोअर्स या विशेष ऑफर के लालच में आकर जल्दबाजी में भुगतान न करें। संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल, विज्ञापन या नंबर को शिकायत दर्ज कर बंद करवाएं और अवरुद्ध करें। ऑनलाइन भुगतान करने से पहले प्राप्तकर्ता और भुगतान की पूरी जानकारी जांच लें।
इन संकेतों को पहचान कर तुरंत सतर्क हो जाएं :
कम कीमत में हजारों फॉलोअर्स या व्यूज बढ़ाने का दावा किया जाना। फेसबुक/इंस्टाग्राम विज्ञापन के जरिए सीधे व्हाट्सऐप पर संपर्क करने को कहना। एक भुगतान के बाद सत्यापन या अन्य शुल्क के नाम पर बार-बार पैसे मांगना। भुगतान के बाद सेवा उपलब्ध न करवाना या संपर्क बंद कर देना। ओटीपी, यूपीआई पिन अथवा बैंकिंग जानकारी मांगना।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार की साइबर ठगी का संदेह हो या वह इसका शिकार हो जाए, तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके साथ ही www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाएं तथा नजदीकी थाना या साइबर थाना को भी इसकी सूचना दें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की राशि को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के लालच में आकर किसी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट पर भरोसा न करें। किसी भी ऑनलाइन भुगतान से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करें और अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। सतर्क रहें, जागरूक रहें और साइबर ठगी से सुरक्षित रहें।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



