Narnaul News: अदालत के आदेश पर बड़ी कार्रवाई: नारनौल में वक्फ बोर्ड ने खाली कराया मकान
चार साल से किराया न देने पर चला प्रशासन का डंडा, विरोध की आशंका के बीच भारी पुलिस बल रहा तैनात
नारनौल शहर में सोमवार को वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला। शहर के छोटा-बड़ा तालाब क्षेत्र स्थित ईश्वर कॉलोनी (चहल फार्म के पास) में अदालत के आदेश के बाद वक्फ बोर्ड की जमीन पर बने एक मकान को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में खाली करा लिया गया।
नारनौल: नारनौल शहर में सोमवार को वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला। शहर के छोटा-बड़ा तालाब क्षेत्र स्थित ईश्वर कॉलोनी (चहल फार्म के पास) में अदालत के आदेश के बाद वक्फ बोर्ड की जमीन पर बने एक मकान को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में खाली करा लिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।
.webp)
बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं चुकाया बकाया-
हरियाणा वक्फ बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, इस विवादित संपत्ति पर अमृतपाल सिंह नाम के व्यक्ति का कब्जा था। आरोपी पिछले लगभग चार वर्षों से मकान का निर्धारित किराया बोर्ड के पास जमा नहीं करा रहा था। वक्फ बोर्ड द्वारा नियमानुसार राशि जमा कराने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन बार-बार दी गई हिदायतों के बाद भी जब किराया नहीं चुकाया गया, तो बोर्ड ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने मामले की पूरी सुनवाई के बाद वक्फ बोर्ड के पक्ष में फैसला सुनाते हुए तुरंत मकान खाली कराने के आदेश जारी किए थे।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जड़ा ताला-
अदालत के फैसले की तामील कराने के लिए सोमवार को हरियाणा वक्फ बोर्ड की टीम प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान कोर्ट द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट महावीर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। उनकी देखरेख में पुलिस सुरक्षा के बीच मकान का सारा सामान बाहर निकलवाया गया। परिसर को पूरी तरह खाली कराने के बाद वक्फ बोर्ड ने संपत्ति को अपने कब्जे में लेकर वहां अपना ताला जड़ दिया। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही।
बकायेदारों को कड़ा संदेश, आगे भी जारी रहेगा अभियान-
कार्रवाई के बाद हरियाणा वक्फ बोर्ड के संपदा अधिकारी तसव्वुर आजाद ने स्पष्ट किया कि यह कदम पूरी तरह से अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए उठाया गया है। मौके पर मौजूद नारनौल के रेंट कलेक्टर जमील अहमद ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। वक्फ बोर्ड के अधिकारियों ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि बोर्ड की संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों और लंबे समय से किराया दबाकर बैठे बकायेदारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने सभी किरायेदारों से अपील की है कि वे विवाद से बचने के लिए समय पर अपना किराया जमा कराएं।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



