Panchkula News: चमार हमारी पहचान और हमारा गौरव, नाम बदलना किसी कीमत पर मंजूर नहीं : शीशपाल चालिया

6 सितंबर से पहले बयान वापस लेने की मांग, नहीं तो जींद में महासभा कर आंदोलन की रणनीति बनाने की चेतावनी

Desh Rojana
On

चमार जाति का नाम बदलकर “मेघवाल” किए जाने संबंधी कथित अनुशंसा के विरोध में सोमवार को पंचकूला के रेड बिशप में चमार समाज के लोगों ने एकत्रित होकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

पंचकूला। चमार जाति का नाम बदलकर “मेघवाल” किए जाने संबंधी कथित अनुशंसा के विरोध में सोमवार को पंचकूला के रेड बिशप में चमार समाज के लोगों ने एकत्रित होकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान हरियाणा रविदासिया समाज महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शीशपाल चालिया ने कहा कि चमार समाज को अपनी पहचान, इतिहास और पूर्वजों पर गर्व है तथा समाज किसी भी कीमत पर अपनी जाति का नाम बदलकर मेघवाल किए जाने को स्वीकार नहीं करेगा।
 
1001417670
 
चालिया ने कहा कि रेवाड़ी में आयोजित मेघवाल समाज के सम्मेलन में कुछ लोगों द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष चमार जाति का नाम मेघवाल रखने की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि इस मांग के आधार पर केंद्र सरकार एवं संबंधित संवैधानिक संस्थाओं को अनुशंसा भेजे जाने की बात सामने आने के बाद पूरे समाज में भारी रोष है।
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा की अनुसूचित जाति आबादी में चमार समाज की हिस्सेदारी लगभग 50 से 55 प्रतिशत है। ऐसे में कुछ लोगों की मांग को पूरे चमार समाज की मांग नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि चमार समाज की सामाजिक और पारिवारिक पहचान पीढ़ियों से इसी नाम से चली आ रही है और समाज अपनी ऐतिहासिक पहचान से किसी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं करेगा।
शीशपाल चालिया ने सरकार से मांग की कि इस संबंध में प्रस्तावित किसी भी आगामी कार्रवाई को तत्काल रोका जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 6 सितंबर से पहले अपना बयान वापस नहीं लिया और इस दिशा में कार्रवाई नहीं रोकी गई तो 6 सितंबर को जींद में प्रदेश स्तरीय महासभा आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शीशपाल चालिया, जनरल सेक्रेटरी एवं पिंजौर बीटना रोड रविदास सभा से बलबीर गुरे, पूर्व प्रधान कश्मीर सिंह, पूर्व कैशियर रामेश्वर दास, बलबीर सिंह रंगा, बी.एस. रोजा, कृष्ण कुमार नालिया, मैनपाल सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।


Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad