Nuh Mewat News: रक्षाबंधन पर बहनों को हरियाणा रोडवेज में 27 अगस्त दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त रात्रि 12 बजे तक मिलेगी मुफ्त यात्रा सुविधा : उपायुक्त अखिल पिलानी
रक्षाबंधन पर महिलाओं व 15 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की बहनों को हरियाणा सरकार की ओर से मुफ्त बस यात्रा का उपहार दिया गया है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि सरकार द्वारा जारी निर्देशों के तहत हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में 27 अगस्त, 2026 को दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त, 2026 की रात्रि 12 बजे तक महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
नूंह। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की बहनों को हरियाणा सरकार की ओर से मुफ्त बस यात्रा का उपहार दिया गया है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि सरकार द्वारा जारी निर्देशों के तहत हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में 27 अगस्त, 2026 को दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त, 2026 की रात्रि 12 बजे तक महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। यह सुविधा दिल्ली, हरियाणा एवं चंडीगढ़ के लिए मान्य होगी।

उपायुक्त ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिले के सभी बस अड्डों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व के दिन जिन रूटों पर यात्रियों की अधिक भीड़ रहने की संभावना है, उन रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएं, ताकि यात्रियों को समय पर और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।
उपायुक्त ने बताया कि हर बार की तरह इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर महिला के साथ 15 वर्ष तक की आयु के बच्चे भी निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की आयु की पुष्टि के लिए उनका आधार कार्ड अथवा आयु संबंधी वैध दस्तावेज साथ लेकर चलें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम और आपसी विश्वास का पर्व है। सरकार का उद्देश्य इस अवसर पर प्रदेश की बहनों को सुरक्षित, सुगम एवं निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



