Narnaul News: खूनी संघर्ष: कार का शीशा तोड़ने का विरोध करने पर चाचा को मारीं 4 गोलियां
घाटाशेर गांव में मामूली कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग से फैली सनसनी
क्षेत्र के गांव घाटाशेर में बुधवार देर रात करीब 11 बजे मामूली बात को लेकर शुरू हुआ एक विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। भतीजे की कार में तोड़फोड़ का विरोध करने पहुंचे एक व्यक्ति पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
नारनौल: क्षेत्र के गांव घाटाशेर में बुधवार देर रात करीब 11 बजे मामूली बात को लेकर शुरू हुआ एक विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। भतीजे की कार में तोड़फोड़ का विरोध करने पहुंचे एक व्यक्ति पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। वारदात में अतर सिंह नाम के व्यक्ति को 4 गोलियां लगी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घायल को आनन-फानन में नारनौल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

गाड़ी में तोड़फोड़ से भड़का विवाद:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद विकास उर्फ बब्लू नामक युवक की कार में तोड़फोड़ को लेकर शुरू हुआ था। गांव के ही रहने वाले विकास उर्फ घाटा, सचिन और उसके दो अन्य साथियों की बब्लू से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते आरोपियों ने गुस्से में आकर बब्लू की कार के शीशे चकनाचूर कर दिए और मौके से चले गए।
विरोध जताने घर पहुंचे थे:
चाचा भतीजे की गाड़ी तोड़े जाने की सूचना मिलते ही अतर सिंह खुद को रोक नहीं पाए। वे सीधे आरोपी विकास उर्फ घाटा के घर के बाहर पहुंचे और इस हरकत पर कड़ा विरोध दर्ज कराने लगे। इसी बीच दोनों पक्षों में तीखी गाली-गलौज और बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मुख्य आरोपी विकास उर्फ घाटा अपने घर के भीतर से अवैध हथियार निकाल लाया और अतर सिंह पर सीधे गोलियों की बौछार कर दी। अतर सिंह खून से लथपथ होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े, जिसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
7 मामलों का हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी:
वारदात की सूचना मिलते ही डायल 112 की गाड़ी और निजामपुर थाना पुलिस भारी बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी विकास उर्फ घाटा इलाके का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ निजामपुर थाने में पहले से ही हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे करीब 7 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित:
थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) और अवैध हथियार रखने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

About The Author
संबंधित समाचार



