Gurugram News: थाने की पार्किंग में ट्रक के नीचे मिला युवक का शव

माथे पर चोट के निशान से बढ़ा संदेह, मृतक की पहचान नहीं; पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी

Desh Rojana
On

सेक्टर-56 थाना परिसर की पार्किंग में खड़े एक ट्रक के नीचे करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

गुरुग्राम: सेक्टर-56 थाना परिसर की पार्किंग में खड़े एक ट्रक के नीचे करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उसके माथे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

WhatsApp Image 2026-09-04 at 1.01.01 AM

जानकारी के अनुसार, शाम के समय एक पुलिसकर्मी थाना परिसर की पार्किंग में गश्त कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर ट्रक के नीचे पड़े युवक पर गई। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य:

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने ट्रक और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करने की है। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ युवक की पहचान से जुड़े संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं।

हादसा या कोई और वजह, जांच जारी:

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। माथे पर चोट के निशान मिलने के कारण दुर्घटना की संभावना के साथ अन्य पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक थाना परिसर की पार्किंग में कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जाएगी। इससे युवक के पार्किंग क्षेत्र में पहुंचने और उसके साथ हुई किसी संभावित घटना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad