Nuh Mewat News: ग्राम सभाओं में होगा परिवार पहचान पत्र का सत्यापन, घर-घर की जानकारी होगी अपडेट : उपायुक्त अखिल पिलानी
1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों की होगी जांच, कच्ची छत वाले मकानों का मौके पर सत्यापन
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) में दर्ज परिवारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) में दर्ज परिवारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा में सत्यापन एवं डाटा अपडेट का कार्य पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ पूरा किया जाए।

उपायुक्त ने बताया कि विशेष ग्राम सभाओं में परिवार पहचान पत्र में दर्ज परिवार की आय का सत्यापन किया जाएगा। विशेष रूप से 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों की जानकारी की जांच की जाएगी, ताकि वास्तविक स्थिति के अनुरूप परिवार की आय का रिकॉर्ड अपडेट किया जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कच्ची छत वाले मकानों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। इसके साथ-साथ परिवार पहचान पत्र में दर्ज परिवार के प्रत्येक सदस्य के व्यवसाय की अलग-अलग जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। यदि सत्यापन के दौरान किसी जानकारी में बदलाव या त्रुटि पाई जाती है तो नियमानुसार उसे अपडेट करवाया जाएगा।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि परिवार पहचान पत्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए इसमें दर्ज प्रत्येक जानकारी का सही एवं अद्यतन होना बेहद जरूरी है। सत्यापन का उद्देश्य वास्तविक पात्र परिवारों की सही पहचान सुनिश्चित करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन के दौरान ग्रामीणों को इस अभियान के बारे में जानकारी दी जाए। ग्राम सचिव, पंचायत प्रतिनिधि तथा संबंधित कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक परिवार से संबंधित जानकारी का सही सत्यापन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने ग्रामीणों से भी आह्वान किया कि वे विशेष ग्राम सभा में पहुंचकर अपने परिवार की जानकारी का सत्यापन करवाएं। यदि परिवार पहचान पत्र में आय, मकान या व्यवसाय संबंधी कोई जानकारी गलत अथवा पुरानी दर्ज है तो उसे नियमानुसार ठीक करवाने में सहयोग करें।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में परिवार पहचान पत्र से संबंधित सभी आवश्यक सत्यापन एवं डाटा अपडेट का कार्य 2 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य को पूरा करना सुनिश्चित करें।

About The Author
संबंधित समाचार



