Gurugram News: रक्षाबंधन पर प्राइवेट बस ऑपरेटर्स ने वसूला महिलाओं व बच्चों से किराया
रक्षा बंधन पर प्रदेश सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए गुरुग्राम के प्राइवेट बस ऑपरेटर्स ने महिलाओं व बच्चों से भी किराया वसूला। इस दौरान रोडवेज सांझा मोर्चा नेताओं ने ऐतराज जताया।
गुरुग्राम: रक्षा बंधन पर प्रदेश सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए गुरुग्राम के प्राइवेट बस ऑपरेटर्स ने महिलाओं व बच्चों से भी किराया वसूला। इस दौरान रोडवेज सांझा मोर्चा नेताओं ने ऐतराज जताया। उन्होंने सरकार व परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर प्राइवेट बस ऑपरेटर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हालांकि रोडवेज बसों में महिलाओं व बच्चों का किराया माफ रहा। इस दौरान रोडवेज सांझा मोर्चा के सदस्यों ने प्राइवेट बसों से गुरुग्राम बस स्टैंड पर पहुंची महिलाओं से किराया वसूलने को लेकर बात की तो उन्होंने माना कि पूरा किराया लिया गया और किराए माफी की बात पूछने पर महिलाओं व बच्चों का बसों से उतार दिया गया।
रक्षाबंधन के त्यौहार पर हर बार ,सरकार की तरफ से राज्य की सभी सरकारी और प्राइवेट बसों में महिलाओं और उनके साथ 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए मुफ़्त यात्रा के आदेश जारी किये जाते हैं और हर बार प्राइवेट बसों द्वारा सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए महिलाओं से किराया वसूला जाता या बेहद ख़राब व्यवहार करते हुए उनको बीच रास्ते मे उतार दिया जाता है। सरकार की तरफ से ऐसे प्राइवेट ऑपरेटर पर कोई ठोस कार्यवाही नही की जाती, जिससे उनके हौसले और बुलंद हो जाते हैं। हर बार की तरह इस बार भी प्राइवेट बसों की अनेक ऐसी शिकायतें सामने आई हैं, जहां महिलाओं से किराया वसूलने की घटना सामने आई हैं, कुछ जागरूक महिलाएं जब विरोध करने लगी तो उनको कहा गया कि या तो किराया दो या बस से नीचे उतरो, ये कोई सरकारी बस नहीं है। हरियाणा रोडवेज राज्य साँझा मोर्चा के वरिष्ठ नेता पवन सहारन (राज्य प्रधान), संदीप दलाल ( राज्य उप प्रधान) और गुरुग्राम साँझा मोर्चा के नेता प्रधान सतेंद्र कादयान, चेयरमैन मनीष दलाल, प्रधान अमित राठी,प्रधान रविन्द्र हुड्डा, हरवीरेंद्र ने मीटिंग करके प्राइवेट बसों द्वारा महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने पर कड़ा विरोध जताया हैl उन्होंने कहा कि एक तरफ तो हरियाणा राज्य परिवहन की बसें और कर्मचारी सेवा भाव से बहनों को रक्षाबंधन पर पूरे सम्मान के साथ यात्रा करवा रहे हैं, और दूसरी तरफ़ प्राइवेट बस संचालकों द्वारा सिर्फ़ अपने फायदे के लिए मनमाना किराया वसूल किया जा रहा है, जो बेहद निंदनीय है। नेताओ ने कहा कि सरकार एक तरफ़ तो रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ़्त यात्रा देने का आदेश देती है और दूसरी तरफ सरकार के आदेशों की धज्जियाँ उड़ाते हुए प्राइवेट बसों के कर्मचारियों द्वारा बहनो के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



