Rewari News: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी से रहें सावधान, धमकी भरे कॉल से न घबराएं : एसपी हेमेंद्र
पुलिस/CBI/ED बनकर वीडियो कॉल पर डराने वाले साइबर ठगों से रहें सतर्क
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमजन को “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर की जा रही साइबर ठगी से सावधान रहने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमजन को “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर की जा रही साइबर ठगी से सावधान रहने के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि पुलिस, सीबीआई ईडी, कस्टम विभाग अथवा अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से डराने वाले साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं और किसी भी धमकी भरे कॉल से घबराने की बजाय उसकी सत्यता की पुष्टि करें।
.jpg)
उन्होंने बताया कि साइबर ठग अक्सर लोगों को फोन कर यह कहते हैं कि उनका आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक खाता अथवा कोई पार्सल आपराधिक गतिविधि में इस्तेमाल हुआ है। इसके बाद वे गिरफ्तारी, मुकदमा दर्ज करने अथवा संपत्ति जब्त करने का डर दिखाकर पीड़ित को वीडियो कॉल पर बनाए रखते हैं और पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि “डिजिटल अरेस्ट” नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। कोई भी पुलिस अथवा जांच एजेंसी किसी व्यक्ति को वीडियो कॉल के माध्यम से गिरफ्तार नहीं करती और न ही जांच या सत्यापन के नाम पर किसी बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहती है।
एसपी हेमेंद्र ने कहा कि इस प्रकार का संदिग्ध कॉल आने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत कॉल समाप्त कर दें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। इसके अलावा किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करने से भी बचें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों में डर, दबाव और जल्दबाजी का माहौल बनाकर ठगी को अंजाम देते हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध कॉल पर तुरंत विश्वास न करें और संबंधित पुलिस थाना अथवा आधिकारिक माध्यम से जानकारी की पुष्टि अवश्य करें।
उन्होंने साफ कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें तथा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि “डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डरे नहीं, सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध कॉल पर पैसे ट्रांसफर न करें और पहले सत्यापन अवश्य करें।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



