Rewari News: रक्षाबंधन पर्व वाली रात रेवाड़ी के शक्ति नगर इलाके में युवा नेपाली कुक की हत्या
आरोपी विक्रम भी मृतक गोविंद के गांव का ही निवासी
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
रेवाड़ी: पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना माडल टाउन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहल्ला शक्ति नगर में हुई एक नेपाली युवक की हत्या की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों के भीतर सुलझाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान विक्रम भूल निवासी बर्दगोरिया, जिला कैलाली, सुदूर पश्चिम प्रांत, नेपाल के रूप में हुई है।
डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार ने शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गत 28 अगस्त की देर रात करीब 11-12 बजे थाना माडल टाउन रेवाड़ी पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहल्ला शक्ति नगर की गली नंबर-11 में किराए पर रहने वाले विक्रम भूल (निवासी बर्दगोरिया, जिला कैलाली, सुदूर पश्चिम प्रांत, नेपाल) ने आपसी झगड़े के दौरान एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया है।
सूचना प्राप्त होते ही थाना माडल टाउन पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण करने के लिए सीन ऑफ क्राइम (Scene of Crime) टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी विक्रम ने अपने ही गांव के गोविंद नामक युवक पर चाकू से वार किया था। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल गोविंद को तत्काल रेवाड़ी ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक (PGI Rohtak) रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान गोविंद ने दम तोड़ दिया।
मकान मालिक के बयान पर मामला दर्ज:
मोहल्ला शक्ति नगर निवासी नितीश कुमार (मकान मालिक) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि विक्रम अपनी पत्नी प्रियंका उर्फ धना भूल के साथ पिछले करीब डेढ़ साल से उनके कमरे में किराए पर रह रहा था और रेवाड़ी में खाना बनाने व मजदूरी का काम करता है। मृतक गोविंद भी आरोपी के गांव का ही रहने वाला था, जिसका विक्रम के घर 7-8 दिनों में आना-जाना लगा रहता था।
28 अगस्त की शाम को गोविंद, विक्रम के कमरे पर आया था, जहां दोनों मिलकर पार्टी कर रहे थे। देर रात शोर सुनकर जब नितीश मौके पर पहुंचा, तो गोविंद लहूलुहान अवस्था में पड़ा था और पास खड़े विक्रम के कपड़ों पर खून के छींटे लगे हुए थे। नितीश को आते देख विक्रम मौके से फरार हो गया। नितीश के बयान के आधार पर थाना माडल टाउन रेवाड़ी में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना माडल टाउन पुलिस ने तुरंत विशेष टीमों का गठन कर आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस टीम ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी विक्रम भूल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी विक्रम ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि मृतक गोविंद उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। घटना वाली रात भी गोविंद ने उसकी पत्नी के साथ अभद्र हरकत की, जिससे गुस्सा होकर उसने चाकू से हमला कर गोविंद की हत्या कर दी। पुलिस द्वारा आरोपी को पेश अदालत करके आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



