Narnaul News: नारनौल में चोरों का तांडव: पुलिसकर्मी व शिक्षक के सूने मकानों से 40 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चेहरे

Desh Rojana
On

गहली चौकी क्षेत्र के गांव भांखरी में शुक्रवार की रात बेखौफ चोरों ने पुलिस और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दो बंद मकानों को निशाना बनाया।

नारनौल: गहली चौकी क्षेत्र के गांव भांखरी में शुक्रवार की रात बेखौफ चोरों ने पुलिस और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दो बंद मकानों को निशाना बनाया। चोर यहां से करीब 35 से 40 लाख रुपए के सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात और भारी नकदी पर हाथ साफ कर रफूचक्कर हो गए। दोनों ही परिवारों के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदातों को अंजाम दिया। यह पूरी घटना घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें संदिग्ध आरोपियों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं।
 
whatsapp-image-2026-08-29-at-160706_1788001341
 
गुरुग्राम गए हेड कांस्टेबल के घर को खंगाला-
पहली वारदात हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल सतीश कुमार के घर पर हुई। सतीश कुमार वर्तमान में मानेसर में तैनात हैं और गुरुग्राम में रहते हैं। गांव भांखरी स्थित उनके घर पर दिन के समय उनके बुजुर्ग माता-पिता रहते हैं। शुक्रवार शाम को माता-पिता बड़े बेटे के घर गए हुए थे और मकान पर ताला लगा था। रात को चोरों ने ताला तोड़ा और अलमारी में रखे लाखों रुपए के पुश्तैनी जेवरात चोरी कर लिए।
 
बच्चों से मिलने सीकर गए शिक्षक के घर भी धावा-
चोरों ने दूसरा निशाना हनुमान प्रसाद के घर को बनाया, जो कोरियावास स्कूल में सरकारी अध्यापक हैं। उनकी पत्नी भी राजस्थान में शिक्षिका हैं और बच्चे सीकर में पढ़ाई करते हैं। छुट्टियों के कारण हनुमान प्रसाद दो दिन पहले अपने बच्चों से मिलने सीकर गए हुए थे। चोरों ने उनके सूने घर का भी ताला चटकाया और अलमारी में रखी नकदी व जेवरात समेटकर फरार हो गए।
 
सुबह टूटे ताले देख उड़े होश, जांच में जुटी पुलिस-
शनिवार सुबह जब पड़ोसियों और परिजनों ने दोनों घरों के ताले टूटे देखे, तो उनके होश उड़ गए। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही दोनों पीड़ित परिवार तुरंत गांव पहुंचे और गहली चौकी पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad