Gurugram News: गुरुग्राम में ब्लिंकिटकर्मी की हत्या: बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
गुरुग्राम में ब्लिंकिट कंपनी में काम करने वाली 21 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है।
गुरुग्राम: गुरुग्राम में ब्लिंकिट कंपनी में काम करने वाली 21 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले नितिन यादव के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने युवती को जन्मदिन और रक्षाबंधन के बहाने शिकोहाबाद बुलाया था। वहां होटल में ले जाकर कथित तौर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने के बाद विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने युवती का सिर दीवार पर दे मारा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, युवती गुरुग्राम में एक ब्लिंकिट कंपनी में काम करती थी और मूल रूप से फिरोजाबाद जिले की रहने वाली थी। नितिन ने उसे अपने जन्मदिन के मौके पर शिकोहाबाद आने के लिए कहा। रक्षाबंधन की छुट्टी का हवाला देकर युवती गुरुग्राम से शिकोहाबाद पहुंची।
सहेली के घर सामान रखवाकर होटल ले गया:
शिकोहाबाद पहुंचने के बाद नितिन सीधे युवती को अपने साथ नहीं ले गया। उसने उसका सामान और बैग उसकी सहेली काजल के घर रखवा दिया, ताकि किसी को संदेह न हो और उसकी लोकेशन का पता लगाना भी मुश्किल हो। इसके बाद वह युवती को एक होटल में ले गया।
पुलिस के मुताबिक, होटल के कमरे में आरोपी ने पहले से खरीदी गई सेक्सवर्धक दवाइयों का इस्तेमाल किया और युवती के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब नितिन दोबारा संबंध बनाने की कोशिश करने लगा तो युवती ने इसका विरोध किया।
विरोध करने पर सिर दीवार पर पटका:
युवती के विरोध से गुस्साए नितिन ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और उसका सिर दीवार पर दे मारा। गंभीर चोट लगने के बाद युवती की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घबरा गया।
पुलिस के अनुसार, नितिन ने शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने एक दोस्त को बुलाया। दोनों युवती के शव को बाइक पर लेकर भुड़ा नहर पुल के पास पहुंचे। वहां डायल-112 की पुलिस गाड़ी खड़ी दिखाई देने पर दोनों घबरा गए और शव को सड़क किनारे फेंककर बाइक से फरार हो गए।
पुलिस को देखकर शव छोड़कर भागे:
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवती के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। 27 अगस्त की सुबह पुलिस ने उसके पिता को फोन कर बेटी के साथ हादसा होने की सूचना दी थी। शिकोहाबाद पहुंचने पर परिजनों को घटना की वास्तविकता का पता चला।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी नितिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और उसके साथी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

About The Author
संबंधित समाचार



