Rewari News: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की संशोधित समय - सारिणी जारी
दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि अब 30 सितंबर तक
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की संशोधित समय-सारिणी जारी की है।
रेवाड़ी: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की संशोधित समय-सारिणी जारी की है। आयोग द्वारा एसआईआर की प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के लिए नई तिथियां निर्धारित की गई हैं।

इस संबंध में डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि बताया कि अब आयोग द्वारा दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 30 अगस्त 2026 से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दी गई है। इस अवधि के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने तथा मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। इसी प्रकार नोटिस चरण तथा दावों एवं आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया भी 28 अक्तूबर 2026 तक चलेगी। इसके उपरांत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने जिला के पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान मतदाता सूची की जांच करें तथा आवश्यक होने पर दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार एसआईआर की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें।

About The Author
संबंधित समाचार



