Palwal News : सरकार और जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति कृतसंकल्प : नगराधीश
नगराधीश प्रीति रावत ने समाधान शिविर में सुनी जनसमस्याएं
जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में नगराधीश प्रीति रावत ने नागरिकों की विभिन्न प्रकार की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनका समाधान करवाने के निर्देश दिए।
पलवल। जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में नगराधीश प्रीति रावत ने नागरिकों की विभिन्न प्रकार की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनका समाधान करवाने के निर्देश दिए। 
नगराधीश प्रीति रावत ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों की शिकायतों की एक ही स्थान पर सुनवाई करते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और नियमानुसार उसका शीघ्र निस्तारण करें। नगराधीश ने कहा कि समाधान शिविरों में नागरिकों की छोटी-बड़ी एवं लंबित प्रशासनिक समस्याओं और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाता है। अनेक मामलों में संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाता है। समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की नियमित समीक्षा उच्च अधिकारियों द्वारा की जाती है। लंबित मामलों की निरंतर मॉनिटरिंग से विभागीय जवाबदेही बढ़ती है और पेंडेंसी कम करने में मदद मिलती है। नगराधीश प्रीति रावत ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति कृतसंकल्प हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर जिला प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर डीडीपीओ उपमा अरोड़ा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।




