Prithla Palwal News: जमीनी अनुभव और कार्यकर्ताओं की पसंद को कांग्रेस में मिलती है प्राथमिकता: उमंग सिंघार
पृथला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने पहुंचे एआईसीसी पर्यवेक्षक, फरीदाबाद कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष को लेकर हुआ मंथन, विधायक रघुबीर तेवतिया भी रहे मौजूद
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं फरीदाबाद जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के चयन के लिए संगठन सृजन प्रभारी बनाए गए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस संगठन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करते हुए कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।
पृथला: मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं फरीदाबाद जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के चयन के लिए संगठन सृजन प्रभारी बनाए गए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस संगठन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करते हुए कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। संगठन में पद किसी व्यक्ति पर थोपे नहीं जाएंगे, बल्कि कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं की राय, जमीनी राजनीतिक अनुभव, सक्रियता तथा संगठनात्मक क्षमता को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। उमंग सिंघार सोमवार को पृथला विधानसभा क्षेत्र स्थित दीप फार्म में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर एवं विधायक चन्द्रप्रकाश, विलेन्द्र थारवी तथा वजीर सिंह पन्नू भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। पृथला विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर पृथला के विधायक रघुबीर तेवतिया ने पर्यवेक्षकों का पगड़ी बांधकर एवं फूलों के बुके भेंट कर अपनी विधानसभा में आने पर जोरदार स्वागत किया। बैठक के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में संगठन सृजन अभियान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया तथा कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने को लेकर पर्यवेक्षकों के समक्ष अपने सुझाव रखे। इस मौके पर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तरूण तेवतिया, पृथला के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण तंवर व मोहना ब्लॉक अध्यक्ष बंटी हुड्डा भी मुख्यरूप से मौजूद थे।
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की स्पष्ट सोच है कि कांग्रेस संगठन में जिम्मेदारियां लोकतांत्रिक तरीके से तय होनी चाहिए और कार्यकर्ताओं की आवाज को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा के विभिन्न जिलों में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। फरीदाबाद जिला में भी कार्यकर्ताओं और नेताओं से सीधा संवाद कर उनकी राय जानी जा रही है, ताकि संगठन को नई ऊर्जा और मजबूत नेतृत्व प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि वह फरीदाबाद देहात जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर पृथला विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की राय जानने पहुंचे हैं। इसी के तहत कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग संवाद कर संगठन की वर्तमान स्थिति, जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता, संगठन को मजबूत करने के उपायों तथा आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तार से सुझाव लिए गए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से प्राप्त सभी सुझावों और राय को रिपोर्ट के रूप में पार्टी हाईकमान के समक्ष रखा जाएगा।
उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस ऐसे जमीनी, निष्ठावान, सक्रिय और सर्वस्वीकार्य नेता को देहात जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपेगी, जो संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ आम जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने में सक्षम हो। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही फरीदाबाद को शहरी और देहात दोनों क्षेत्रों में ऐसा मजबूत संगठनात्मक नेतृत्व मिलेगा, जो पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाएगा।
कार्यकर्ताओं की राय से तय होगा फरीदाबाद देहात कांग्रेस का नया जिलाध्यक्ष: रघुबीर तेवतिया: पृथला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुबीर तेवतिया ने कहा कि कांग्रेस देश का ऐसा राजनीतिक संगठन है, जहां बूथ स्तर का सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी बात सीधे पार्टी नेतृत्व तक पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और रायशुमारी कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं और सुझावों को महत्व देकर जिलाध्यक्ष का चयन किया जाना संगठन के लिए बेहद सकारात्मक कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही फरीदाबाद देहात को एक मजबूत एवं सक्रिय जिलाध्यक्ष मिलेगा, जिसके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन और अधिक प्रभावी ढंग से जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा।

About The Author
संबंधित समाचार



