Narnaul News: ब्रेजा कार की टक्कर से स्कूटी सवार 26 वर्षीय युवक की मौत, आरोपी चालक फरार

Desh Rojana
On

क्षेत्र के गांव कोरियावास के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

नारनौल: क्षेत्र के गांव कोरियावास के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक स्कूटी पर सवार होकर नारनौल स्थित अपनी दुकान पर आ रहा था, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
 
Screenshot_20260824-200652
 
जानकारी के अनुसार, गांव कोरियावास निवासी सुरेंद्र कुमार (26) ने नारनौल में टायर पेंचर की दुकान की हुई थी। सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह अपनी स्कूटी पर सवार होकर दुकान के लिए निकला था। जैसे ही वह मेडिकल कॉलेज से आगे नारनौल की तरफ पहुंचा, सामने से आ रही एक ब्रेजा कार के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसकी स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी।
 
टक्कर के बाद पलटी कार, चालक फरार-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र झाड़ियों में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, संतुलन बिगड़ने के कारण ब्रेजा कार भी सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद कार चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकला और मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
 
मासूम के सिर से उठा पिता का साया-
मृतक सुरेंद्र शादीशुदा था और उसका एक छोटा बेटा है। वह टायर पेंचर की दुकान चलाकर मेहनत-मजदूरी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। युवा बेटे की मौत की खबर मिलते ही कोरियावास गांव और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
 
पुलिस कर रही मामले की जांच-
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का नारनौल के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि कार के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad