Palwal News: जिला में 17 सितंबर से होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज : उपायुक्त
जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प को मिलेगा विस्तार
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा के कार्यकाल को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में व्यापक स्तर पर जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पलवल: उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा के कार्यकाल को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में व्यापक स्तर पर जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दीर्घकालीन जनसेवा, सुशासन, अंत्योदय एवं विकास की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ नागरिकों को सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोडऩा है। अभियान बारे हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा अभियान के 14 मॉड्यूल के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागवार जिम्मेदारियों, जनभागीदारी तथा समयबद्ध कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से 17 सितंबर से प्रदेशभर में दीप प्रज्वलन, विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, आंगनवाड़ी कार्यक्रम, लाभार्थियों की सफलता की कहानियां, सेवा यात्राएं, नागरिक सेवा गतिविधियां, विशेष सेवा शिविर, रंगोली, नवाचार एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से ‘सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत-2047’ की भावना को मजबूत किया जाएगा।
लाभार्थियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन की भागीदारी से आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को सेवा, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोडऩा है। सभी संबंधित विभाग निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य करते हुए कार्यक्रमों में आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि अभियान के मॉड्यूल-1 ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत 17 सितंबर को बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें प्रमुख सरकारी योजनाओं के लाभार्थी एवं कोविड-19 टीकाकरण से जुड़े लाभार्थी दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा को लेकर आभार व्यक्त करेंगे तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जुड़ेंगे। हैशटैग ‘आशीर्वादकादीया’ के साथ फोटो एवं वीडियो साझा किए जाएंगे।
विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मिलेगा मंच
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि अभियान के मॉड्यूल-2 ‘इंडिया ऑफ द ड्रीम्स ऑफ 250 मिलियन चिल्ड्रन’ के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विद्यालय स्तर से लेकर राज्य स्तर तक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। राज्य स्तरीय विजेताओं को मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र तथा प्रतिभागियों को शिक्षा मंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। विद्यालयों में उपलब्ध दीवारों, नोटिस बोर्ड एवं कक्षाओं का उपयोग प्रदर्शनी एवं गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगी विकास की कहानी
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि अभियान के मॉड्यूल-3 ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत 17 सितंबर से विभिन्न स्थानों पर सरल, भावनात्मक एवं संगीत आधारित नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इनमें 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासात्मक बदलावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों एवं सामुदायिक केंद्रों में नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा मास्टर स्क्रिप्ट, ऑडियो, पायलट वीडियो एवं आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध करवाए जाएंगे। 2 अक्टूबर को प्रत्येक जिले/प्रमुख राष्ट्रीय स्थानों पर विशेष उच्च गुणवत्ता वाली प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का उत्सव’
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-4 ‘आंगन का उत्सव’ के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें माताओं, बच्चों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। लाभार्थी माताओं के अनुभव साझा करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा वर्करों के सम्मान, बच्चों की खेल, चित्रकला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बच्चों को पोषण संबंधी कॉमिक पुस्तकें एवं प्रधानमंत्री का पत्र उपलब्ध करवाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मिशन पोषण 2.0, पोषण ट्रैकर, मिशन इंद्रधनुष एवं टीकाकरण गतिविधियों में सहयोग किया जाएगा।
वास्तविक लाभार्थियों की सफलता की कहानियां होंगी उजागर
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-5 ‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित वास्तविक एवं प्रामाणिक लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को सामने लाया जाएगा। सभी प्रशासनिक सचिव प्रतिदिन कम से कम दो वास्तविक सफलता की कहानियां साझा करेंगे।
विकास परियोजनाओं से रूबरू होंगे डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-6 ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को परिवर्तनकारी विकास परियोजनाओं एवं स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा। सभी विभाग कम से कम एक महत्वपूर्ण परिवर्तनकारी परियोजना का चयन कर तथ्यात्मक परियोजना रिपोर्ट तैयार करवाएंगे।
गांवों से निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-7 ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत जिला स्तर पर गांवों से मशाल यात्राएं निकाली जाएंगी, जो जिला मुख्यालय पर पहुंचकर विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प के साथ संपन्न होंगी। इसमें युवाओं एवं विभिन्न संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवा ज्योति/मशाल को सुरक्षित रूप से विशेष वाहन में ले जाया जाए। इसे मोटरसाइकिल अथवा खुले वाहनों पर गैस सिलेंडर के साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। संबंधित विभाग यात्रा के मार्ग, सुरक्षा, मंच, एलईडी स्क्रीन, साउंड, इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा जिला की 25 प्रमुख विकास परियोजनाओं की जानकारी की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेगा आम नागरिक
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-9 ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिकों को 25 विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इनमें रक्तदान, वृद्धाश्रम भ्रमण, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, योग, नशा मुक्ति अभियान, नदी तटों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। प्रत्येक नागरिक से कम से कम 25 मिनट सेवा गतिविधि में योगदान देने का आह्वान किया जाएगा। जिला के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के कम से कम दो स्थानों पर दृश्यात्मक सुधार एवं सौंदर्यीकरण की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत घर-द्वार पहुंचेगी सरकार
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-10 ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत जिला में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विशेष सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा तथा पात्र लोगों के आवेदन मौके पर ही निपटाने का प्रयास किया जाएगा। शिविरों के लिए विभागीय योजनाओं की पहचान, फील्ड स्टाफ की उपलब्धता, स्थान, मूलभूत सुविधाएं, जनजागरूकता एवं विस्तृत रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था की जाएगी।
प्राकृतिक सामग्री से सजेगी ‘रंगोली राष्ट्र’
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-11 ‘रंगोली राष्ट्र’ के अंतर्गत फूल, मिट्टी, रेत, चावल, बीज, पत्तियों एवं प्राकृतिक रंगों जैसी पर्यावरण अनुकूल सामग्री से रंगोली बनाई जाएगी। इन रंगोलियों में राष्ट्रवाद, जनकल्याणकारी योजनाओं, सांस्कृतिक विरासत एवं विकसित भारत-2047 की थीम को दर्शाया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस एवं नेहरू युवा केंद्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। चयनित शहरों में मानव रंगोली एवं बड़े स्तर पर ‘भारत मंडल’ जैसी विशेष प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।
युवाओं और स्टार्टअप्स को मिलेगा ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ में अवसर
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-12 ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ के तहत हरियाणा के युवाओं, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स, एमएसएमई एवं जमीनी स्तर के नवाचारकर्ताओं को राष्ट्रीय स्तर के मंच से जोडऩे की पहल की जाएगी। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग हरियाणा के नवाचारकर्ताओं की पहचान कर उन्हें विभिन्न क्षेत्रीय केंद्रों के माध्यम से प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
‘जन सेवक महाकुंभ’ में जुटेंगे जनप्रतिनिधि
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-13 ‘जन सेवक महाकुंभ-पंचायत से संसद’ का शुभारंभ 17 अक्टूबर 2026 से प्रस्तावित है।
विदेशों में रहने वाले हरियाणवी भी जुड़ेंगे सेवा संकल्प से
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मॉड्यूल-14 ‘ओवरसीज पार्टिसिपेशन इन महा यज्ञ’ के तहत हरियाणा मूल के एनआरआई, ओवरसीज इंडियन एवं पीआईओ को सेवा संकल्प अभियान से जोड़ा जाएगा। 25 चयनित देशों में स्थानीय सूर्योदय के समय के अनुरूप एक घंटे के महायज्ञों में वर्चुअल आहुति की व्यवस्था की जाएगी। विदेश सहयोग विभाग डिजिटल माध्यमों से हरियाणवी प्रवासी समुदाय तक निमंत्रण एवं जानकारी पहुंचाएगा।
हर विभाग समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करे क्रियान्वयन
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों, नोडल विभागों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन सरकार की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। प्रत्येक गतिविधि में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ फोटो, वीडियो, सोशल मीडिया सामग्री एवं प्रगति रिपोर्ट का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाए। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण से जोडक़र प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



