Nuh Mewat News: जिला नूंह के तीन गांवों में खुलेंगे नए उप-स्वास्थ्य केंद्र - स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
नूंह: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के पिछड़े एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला नूंह के गांव जलालपुर फिरोजपुर, कोलगांव और खवाजली कलां में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों को गांव स्तर पर ही नियमित स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के टीकाकरण सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को छोटी बीमारियों एवं प्राथमिक उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों अथवा बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों के समय और धन की बचत होगी तथा जिला नागरिक अस्पतालों एवं अन्य बड़े स्वास्थ्य संस्थानों पर मरीजों का अतिरिक्त दबाव भी कम होगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार 'आरोग्य हरियाणाÓ के संकल्प के तहत गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

About The Author
संबंधित समाचार



