Nuh/Mewat News: आवेदन पत्र भरते ही मिलेगा मुफ्त पेयजल एवं सीवर कनेक्शन : अमित कुमार संडीला
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार संडीला ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए पेयजल एवं सीवर कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया को बेहद सरल और जनहितैषी बनाया गया है।
नूंह: जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार संडीला ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए पेयजल एवं सीवर कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया को बेहद सरल और जनहितैषी बनाया गया है। अब जिले के सभी कस्बों के नागरिकों को न तो ऑनलाइन आवेदन करने की आवश्यकता होगी और न ही विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ेंगे। केवल आधार कार्ड और एक साधारण आवेदन पत्र जमा करवाकर उपभोक्ता निशुल्क पेयजल एवं सीवर कनेक्शन प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीम स्वयं मौके पर पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करेगी तथा घर या दुकान पर पेयजल एवं सीवर कनेक्शन उपलब्ध करवाएगी। इससे आमजन को समय, धन और अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी।
कार्यकारी अभियंता अमित कुमार संडीला ने बताया कि पूर्व में पेयजल कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करने के साथ 1050 रुपये की धरोहर राशि जमा करवानी पड़ती थी। इसके अतिरिक्त पानी का मीटर स्वयं खरीदना, पाइपलाइन की खुदाई करवाना, कनेक्शन संबंधी खर्च वहन करना तथा नगरपालिका क्षेत्रों में सड़क कटिंग शुल्क भी देना पड़ता था। इन सभी प्रक्रियाओं के कारण नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था और उन्हें कई बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद नागरिकों को इन सभी जटिल प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी। केवल आधार कार्ड और साधारण आवेदन पत्र जमा करवाने पर नया वैध पेयजल एवं सीवर कनेक्शन प्राप्त किया जा सकेगा। इसके साथ ही जिन उपभोक्ताओं ने पहले से पेयजल कनेक्शन लिया हुआ है, वे भी अपने कनेक्शन को नियमित एवं वैध करवा सकेंगे।
अमित कुमार संडीला ने स्पष्ट किया कि कनेक्शन की प्रक्रिया के लिए किसी भी कर्मचारी को अतिरिक्त राशि देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति इस संबंध में अनावश्यक राशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य आमजन को पेयजल एवं सीवर कनेक्शन की प्रक्रिया में अधिकतम सुविधा प्रदान करना है। पहले जहां विभिन्न मदों में राशि खर्च करनी पड़ती थी और कई औपचारिकताओं को पूरा करना पड़ता था, वहीं अब विभागीय टीम स्वयं उपभोक्ता के स्थल पर पहुंचकर कनेक्शन संबंधी प्रक्रिया पूरी करेगी। कार्यकारी अभियंता ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे इस जनहितकारी व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने पेयजल एवं सीवर कनेक्शन को नियमित करवाएं। इससे लोगों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा उन्हें विभागीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।

About The Author
संबंधित समाचार



